कापरेन.केशवरायपाटन. तालेड़ा. भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा शनिवार को बूंदी से तालेड़ा, केशवरायापाटन, कापरेन पहुंची। तालेड़ा और कापरेन में सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान बिजली के लिए तरस रहे है। भ्रष्टाचार, दलितों पर अत्याचार, दुष्कर्म, पेट्रोल-डीजल की महंगी कीमतों और पेपर लीक मामले में राजस्थान को देश का नम्बर एक राज्य बना दिया है। सौ यूनिट बिजली फ्री करने के नाम पर जनता से धोखा किया जा रहा है। लोगों को मुफ्त की नहीं, बिजली की जरूरत है। राजस्थान में जल्दी परिवर्तन होने वाला है। आमसभा में प्रदेश महामंत्री मोती लाल मीणा, विधायक चंद्रकान्ता मेघवाल, पूर्व मंत्री बाबूलाल वर्मा, जिलाध्यक्ष छीतर लाल राणा, पूर्व सांसद गोपाल पचेरवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच भी मौजूद रहे।
रास्ता खराब होने से बदला मार्ग
परिवर्तन संकल्प यात्रा को कापरेन से आगे रोटेदा कस्बे से होते हुए चंबल नदी पार कर कोटा जिले में प्रवेश करना था, लेकिन बरसात होने से रोटेदा चंबल नदी का रास्ता खराब हो गया। ऐसे में अंतिम समय में यात्रा मार्ग बदला गया और यात्रा कापरेन से वापस कोटा के लिए रवाना हो गई। यात्रा मार्ग बदलने से रोटेदा रोड, रोटेदा कस्बे में स्वागत के लिए इंतजार कर रहे लोगों को निराशा हुई।
हाइवे पर लगा जाम
यात्रा के दौरान सरकारी चीनी मिल चौराहे पर सभा आयोजित करने से कोटा- दौसा स्टेट मेगा हाइवे पर यातायात बाधित रहा। मिल चौराहे से पंचायत समिति तक वाहनों की लाइन लग गई। पुलिस को यातायात व्यवस्था सुधारने में मशक्कत करनी पड़ी। यात्रा के दौरान बारिश से कुछ समय कार्यकर्ता परेशान नजर आए।
तलवार भेंट की
तालेड़ा में पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी को तलवार भी भेंट की। तालेड़ा स्थित मुख्य बाजार में जिला प्रवक्ता अनिल जैन की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने यात्रा पर बुलडोजरों से पुष्प वर्षा की।
इस दौरान घोड़ी, मशक बाजे के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। कार्यकर्ताओं के आग्रह पर मंत्री कैलाश चौधरी ने घोड़ी पर बैठ कर आमजन का अभिवादन किया। कस्बे में कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने स्वागत किया।
महिलाओं ने ङ्क्षखचवाई फोटो
स्वागत समारोह के दौरान महिला कार्यकर्ताएं भी मौजूद रही। नारे लगा रही महिलाओं का उत्साह देख मंत्री चौधरी उनके पास पहुंच गए। महिलाओं ने चौधरी के साथ फोटो भी ङ्क्षखचवाई।