
अरावली की पहाड़ियों में गूंज रहा खनन का हथौड़ा, बेबस प्रशासन
अरावली की पहाड़ियों में गूंज रहा खनन का हथौड़ा, बेबस प्रशासन
सुमेरगंजमंडी. सुमेरगंजमंडी-इन्द्रगढ़ रोड पर बालाजी डूंगरी पर प्रशासनिक, पुलिस एवं वन विभाग के अधिकारियों की मेहरबानी से धड़ल्ले से अवैध खनन हो रहा है।
राज्य सरकार द्वारा अवैध खनन के खिलाफ चलाए गए सघन अभियान के दौरान क्षेत्र के खनन माफिया के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होने से जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी में हो रहे इस अवैध खनन से जनता में रोष है। खनन माफिया डूंगरी को ही छलनी कर पत्थर निकाल रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों को इस क्षेत्र में हो रहा खनन कार्य नहीं दिख रहा है।
विधायक उठा चुके सवाल,कोई कार्रवाई नहीं
इन्द्रगढ़-सुमेरगंजमंडी क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन के खिलाफ क्षेत्रीय विधायक सीएल प्रेमी द्वारा विधानसभा में प्रश्न उठाया गया था। विधायक ने विधानसभा सत्र के दौरान कहा था कि इन्द्रगढ़ क्षेत्र में खनन माफिया पहाड़ी को छलनी कर पत्थर निकाल रहे हैं। इन सबके बावजूद अवैध खनन कर्ताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होने से प्रशासनिक अधिकारी शक के घेरे में है।
ब्लास्टिंग से थर्राता है पूरा क्षेत्र
खनन माफियाओं द्वारा इस पूरे क्षेत्र में खनन कार्य करने के लिए ब्लास्टिंग की जा रही है। ब्लास्टिंग से पूरा क्षेत्र थर्रा जाता है। जब इन माफिया द्वारा ब्लास्टिंग की जाती है तो आसपास के क्षेत्र में विचरण करने वाले वन्यजीव कई बार घायल हो जाते हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों को जैसे इन सबसे कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। शाम के 8 बजते ही खनन क्षेत्र में बड़ी-बड़ी मशीनों से खनन कार्य प्रारंभ हो जाता है, जो तड़के तक लगातार जारी रहता है।
मेरे द्वारा चार बार खनिज विभाग को सीमा ज्ञान करने के लिए पत्र लिखा गया है। खनन विभाग द्वारा अभी तक कोई जवाब नहीं दिया गया है। खनन कार्य अपनी सीमा में किया जा रहा है या नहीं इसकी जांच की जायेगी।
रामराय मीणा, तहसीलदार इन्द्रगढ़
हमारी सीमा में पक्की चारदीवारी हो चुकी है। इसके अलावा यदि खनन किया जा रहा है तो खनिज विभाग की जिम्मेदारी है। हम कार्यवाही नहीं कर सकते।
सुरेन्द्र सिंह हाड़ा, फॉरेस्टर वनविभाग इन्द्रगढ़
मेरे द्वारा विधान सभा में भी इस मुद्दे को उठाया गया था। सरकार की कथनी व करनी में अंतर है। अवैध खनन बंद होना चाहिए। इसके लिए फिर आवाज उठाऊंगा।
सीएल प्रेमी, क्षेत्रीय विधायक,के.पाटन
Published on:
09 Feb 2024 06:43 pm
बड़ी खबरें
View Allबूंदी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
