video: ड्रेनेज सिस्टम नही होना बना परेशानी, खेतों में भरा बरसाती पानी
नोताडा. कस्बे से देईखेड़ा जाने वाले रास्ते पर देवनारायण बाग के समीप निकल रही नहर से रेलवे फाटक तक सैकड़ों बीघा जमीन में ड्रेनेज सिस्टम नही होने के चलते अभी भी खेतों में पानी भरा हुआ है।
जिससे किसानों को चिंता सताने लगी है। पहले इन खेतों में सोयाबीन की फसल बोयी गई थी। लेकिन पहली बरसात में पानी भरने के बाद डीजल इंजन लगाकर निकाल भी दिया था। परंतु बाद में भी लगातार बारिश जारी रहने के कारण खेत वापिस जलमग्न हो गए थे। जिसके बाद कुछ दिनों से मौसम साफ रहने से खेतों का पानी कम हो गया था।
परंतु अभी तीन दिन पहले हुई बरसात से वापिस पानी भर गया। ऐसे में किसानों के सामने समस्या पैदा हो गई। अभी सरसों बुवाई का समय चल रहा है लेकिन फिर पानी निकालने के लिए महंगा डीजल जलाकर पानी निकालना पड़ेगा उसके बावजूद भी पन्द्रह दिन तक खेतों में ट्रैक्टर नही चल सकते किसान श्याम मीणा, ऋषि कुमार, बनवारी लाल, महावीर प्रसाद, छीतरलाल, मांगीलाल मीणा, सोहन मीणा, धर्मराज मीणा, ऋषि मीणा आदि ने बताया की खेतों में हर वर्ष बरसात का पानी भरने से फसलें नष्ट होती जा रही है।