video: कृषि उपज मण्डी सचिव 25 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार
आवास एवं अन्य ठिकानों पर तलाशी
केशवरायपाटन. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरों बूंदी की टीम ने एक परिवादी की शिकायत पर कार्यवाही करते हुए कृषि उपज मंडी समिति के सचिव नरेन्द्र कुमार सोनी को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
परिवादी ने समिति के बाहर खड़े टीम को इशारा किया तो टीम ने समिति परिसर में वेश बदलकर प्रवेश किया। सोनी रिश्वत की राशि लेकर कार से फरार होने लगा तो परिवादी व उसके भाई ने उसे रोकने का प्रयास किया। इसी बीच ब्यूरों के उप अधीक्षक ज्ञानचंद के नेतृत्व में टीम के सदस्य गिरफ्तार करने लगे तो वह बचाव के लिए धक्का लगा कर कार्यालय में घुसने लगा। इस हड़बड़ी में रिश्वत की राशि गेट के दरवाजे पर बिखेर दी।
सोनी कार के पास गिर गया जिसके बाद में गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरों के उप अधीक्षक ज्ञानचंद ने बताया की बूंदी इकाई को परिवादी की ओर से शिकायत दी गई कि वह फार्मर प्रोडक्शन कंपनी (एफ.पी.ओ.) के लिए माल खरीदने का लाईसेंस जारी करने के लिए कई दिनों से सचिव के पास आ रहा था। लाइसेंस के बदले सचिव 30 हजार रुपए रिश्वत राशि की मांग कर परेशान कर रहा था।
शुक्रवार को वह बीस हजार रुपए लेकर आया था। कार्यालय में बीस हजार रुपए लेकर गया तो उसने 25 हजार रुपए देने की बात कही तो उसने कहा कि साहब बीस हजार रुपए ही है। सोनी ने कहा कि 25 हजार रुपए ही लेकर आ तब ही काम होगा। परेशान परिवादी कार्यालय से निकल कर बाहर आया और बूंदी ब्यूरो से सम्पर्क कर घटनाक्रम से अवगत कराया। परिवादी ने मोबाइल में टेप किए सबूत देने के बाद टीम ने समिति कार्यालय के बाहर खड़े परिवादी को 25 हजार रुपए देकर भेज दिया। रिश्वत देने के बाद ब्यूरों की टीम को इशारा करते ही टीम ने घेरा डाल कर सोनी को दबोच लिया।
एसीबी उप अधीक्षक पुलिस ज्ञानचंद ने शिकायत का सत्यापन के बाद पकडऩे की कार्यवाही करते हुए सोनी को गिरफ्तार कर लिया। टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर पुछताछ कर शुरु कर दी है। टीम आरोपी के आवास व अन्य स्थानों पर भी तलाशी कर रही है।