video: अंधड़ से विद्युत तंत्र हुआ तहस-नहस, मकान ढहा, तीन जने घायल
-33 केवी, 11 केवी व एलटी लाइनों के – सौ से अधिक विद्युत पोल टूटे
– कई मकानों के छप्पर उड़े, पेड़ टूटे
नैनवां. गुरुवार रात को आए तेज अंधड़ से पूरे उपखण्ड का विद्युत आपूर्ति तंत्र तहस-नहस हो गया। उपखण्ड के हीरापुर गांव में एक मकान ढह जाने से तीन जने घायल हो गए तो खानपुरा गांव में एक मकान में लगी आग से मकान में रखा सामान जल गया। नैनवां शहर में भी नगर रोड पर कालबेलिया बस्ती में भी मकानों के छप्पर उड़ गए। कई पेड़ टूट गए।
नैनवां में 132 केवी ग्रिड स्टेशन से गोशाला 33 केवी ग्रिड स्टेशन आ रही 33 केवी विद्युत लाइन के 6 पोल टूट गए तो उपखण्ड क्षेत्र में विभिन्न फीडरों पर 11 केवी व एलटी लाइन के 110 पोल टूट जाने से गांवों में भी विद्युत लाइनें टूट जाने से गुरुवार रात दस बजे से ही पूरे उपखण्ड की विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी हुई है जो शुक्रवार को भी चालू नही हो पाई। 33 केवी विद्युत लाइन टूट जाने से रात से ही बिजली बंद पड़ी होने से शहर की जलापूर्ति भी ठप हो गई। आधे शहर में तो 11 घण्टे बाद विद्युत आपूर्ति चालू हो पाई तो आधे शहर की विद्युत आपूर्ति शुक्रवार शाम तक भी चालू नही हो पाई।
हीरापुर गांव में अंधड़ से ढहे मकान के मलबे में दबने से तीन जने साबू लाल, जगदीसी बाई व जसोदा बाई घायल हो गए। खानपुरा में कालू गुर्जर के मकान में आग लग गई। जिस पर देर रात को दमकल से काबू पाया। अंधड़ से सुवानिया गांव में एक धार्मिक कार्यक्रम का तंबू गिर गया। नैनवां में कनकसागर तालाब पर लगी गुमटियां भी उड़ गई।
विद्युत लाइनों की मरम्मत कार्य शुरू
जेवीवीएनएल के कनिष्ठ अभियंता दीर्घानशू भुवालिया ने बताया कि अंधड़ से उपखण्ड का विद्युत आपूर्ति तंत्र पूरी तरह से तहस नहस हो गया। 33 केवी विद्युत लाइन के 6 पोल टूट जाने से शहर की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। गांवों में 11 केवी व एलटी लाइनों के 110 से अधिक पोल टूट गए। विद्युत लाइनों की मरम्मत कार्य चल रहा है। मरम्मत के बाद ही विद्युत आपूर्ति बहाल हो पाएगी।