70 दिन में चौथी बार बदलाव, चंद्रकला ने संभाला पद-video
लाखेरी नगर पालिका में अधिशासी अधिकारी पद का मामला
लाखेरी. नगरपालिका में अधिशासी अधिकारी के पद को लेकर करीब 2 माह से चल रही खींचतान में न्यायालय के आदेश से अधिशासी अधिकारी पद पर चंद्रकला वर्मा ने कार्यभार संभाल लिया। सुबह 9:30 बजे अधिशासी अधिकारी वर्मा कार्यालय पहुंची और कार्यभार ग्रहण कर पालिका के कामकाज का संचालन शुरू कर दिया। न्यायालय के आदेश की पालना के चलते उनके ज्वॉइनिंग को लेकर किसी प्रकार का अंतर्विरोध पैदा नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि वह नियमानुसार सभी आमजन का कामकाज समय व वरीयता से संपादित करवाने का प्रयास करेंगी। गौरतलब है कि वर्मा सोमवार को भी यहां आई थी, लेकिन उस दिन निदेशालय का आदेश नहीं होने से उन्हें लौटाना पड़ा था। बुधवार को वह स्वायत्त शासन विभाग का आदेश लेकर आई और पदभार संभाला। हाईकोर्ट में उनके स्थानांतरण आदेश के मामले की सुनवाई अब 12 जुलाई को है।
70 दिन में चौथी बार बदलेंगे डिजिटल हस्ताक्षर
लाखेरी पालिका में अधिशासी अधिकारी के पद को लेकर चल रही उठापटक से आमजन के साथ ठेकेदार व कर्मचारी भी परेशान हैं। कर्मचारियों का वेतन समय पर नहीं मिल रहा। ठेकेदारों का भुगतान नहीं हो रहा। वहीं अन्य कई सरकारी योजनाएं भी प्रभावित हो रही हैं। पट्टे बनाने का काम तो लगभग ठप पड़ा है। 35 वार्डों के मई जून माह के शिविर समाप्ति के कगार पर है, लेकिन अब तक एक भी पट्टा पालिका जारी नहीं हो पाया है।
पालिका में 70 दिन में चौथी बार अधिशासी अधिकारी का स्थानांतरण हुआ है। 13 अप्रेल को यहां कार्यरत मुकेश नागर का स्थानांतरण हो गया। उसके बाद तहसीलदार को अतिरिक्त चार्ज मिला और उनके डिजिटल हस्ताक्षर के लिए निदेशालय को भेजा। उनके हस्ताक्षर से कामकाज होता, इसी बीच स्वायत शासन विभाग द्वारा यहां चंद्रकला वर्मा को लगा दिया। 13 मई को उन्होंने ज्वॉइन किया और डिजिटल हस्ताक्षर के लिए भेजा, जब तक हस्ताक्षर शुरू होते 26 मई को उनका भी स्थानांतरण हो गया। जून माह में यहां रूही तरुन्नुम को लगाया गया। 5 जून को उन्होंने कार्यभार संभाला, उनके हस्ताक्षर डिजिटल उपयोग शुरू करने के लिए भेजे गए। बीते शुक्रवार को उनके हस्ताक्षर चालू हुए। उसी दिन हाईकोर्ट ने चंद्रकला वर्मा के स्थानांतरण पर रोक के आदेश जारी कर दिए और बुधवार को उन्होंने चार्ज भी ग्रहण कर लिया।