video: मुख्यमंत्री 28 को बूंदी में, प्रशासन हुआ अलर्ट, अधिकारी तैयारियों में जुटे
बूंदी. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के 28 जून के प्रस्तावित बूंदी दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया। अधिकारी तैयारियों में जुट गए है। मुख्यमंत्री बूंदी में प्रशासन शहरों के संग अभियान, महंगाई राहत कैंप का अवलोकन करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सोमवार को जिला कलक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी ने कलक्ट्रेट सभागार में बैठक लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियां पूरी करने के निर्देश देने के साथ ही लाभार्थियों से संवाद के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा यह भी सुनिश्चित किया जावे की लाभार्थियों के पास मंहगाई राहत के लिफाफे उपलब्ध रहे।
उन्होंने निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों को सौंपी गई तैयारियों को पूरी मुस्तैदी के साथ पूरा करें। कार्यक्रम स्थल के आसपास सफाई व्यवस्था अच्छी हो। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर मुकेश कुमार चौधरी, उपखण्ड अधिकारी सोहन लाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) मालविका त्यागी, प्रशिक्षु आईएएस मोहित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा
जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने अधिकारियों के साथ पुरानी धानमंडी पहुंचकर सभा स्थल पर टेंट, लाभार्थियों की बैठक व्यवस्था, पेयजल, एंबुलेंस मय मेडिकल टीम, अस्थायी शौचालय आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं कोटा रैंज के पुलिस महानिरीक्षक प्रसन्न कुमार खमेसरा ने पुलिस अधीक्षक जय यादव के साथ सभा स्थल का जायजा लिया। पीसीसी उपाध्यक्ष हरिमोहन शर्मा, सभापति मधु नुवाल व पीसीसी सदस्य सत्येश शर्मा ने भी सभा स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।