video: डिजिटल एक्सरे मशीन तो स्थापित हो गई, लेटसीट व एसी नही लग पाने से उपयोग में नहीं आ रही
नैनवां. चिकित्सा विभाग ने नैनवां के उपजिला चिकित्सालय को सीआर कम्प्यूटर रेडियोग्राफी (डिजिटल एक्सरे) मशीन तो स्थापित हो गई। एक्सरे कक्ष के लेटसीट (एक्सरे की विकिरणों को रोकने वाला गेट) व एसी नहीं लग पाने से डिजिटल एक्सरे मशीन उपयोग में नही आ रही।
पहले कम्पनी द्वारा मशीन को स्थापित करने के लिए इंजीनियर नहीं भेजे जाने से डिब्बों में ही पैक पड़ी रही। इंजीनियर ने आकर मशीन स्थापित कर दी तो अब लेटसीट व एसी लगे तो मशीन उपयोग में आना शुरू हो। चिकित्सालय प्रशासन ने सीआर कम्प्यूटर रेडियोग्राफी सिस्टम को स्थापित करने के लिए कक्ष भी उपलब्ध करा रखा है।
डिजिटल एक्सरे मशीन शुरू होने के बाद मरीजों को एक्सरे के लिए इंतजार नही करना पड़ेगा। इधर एक्सरे लिया उधर कुछ मिनटों में ही एक्सरे मिल जाएगा। चिकित्सालय में पहले साधारण एक्सरे मशीन ही स्थापित थी। जिससे हाथों-हाथ एक्सरे नही मिल पाता था। राजस्थान पत्रिका द्वारा उपजिला चिकित्सालय में डिजिटल एक्सरे मशीन की कमी का मामला उजागर करने के बाद चिकित्सालय को मशीन तो मिल गई लेकिन उसे अभी चालू नही किया जा रहा।
प्रमुख चिकित्साधिकारी का कहना
उपजिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्साधिकारी डॉ. समदरलाल मीणा का कहना है कि डिजिटल एक्सरे मशीन को एक कक्ष में स्थापित करवा दिया है। कक्ष में लगाने के लिए लेटसीट मंगवा ली है। कक्ष में आरएमआरएस से एसी लगवाया जाना है। कक्ष में एसी लगाने के लिए बजट की अनुशंसा के लिए उपखण्ड अधिकारी की अध्यक्षता में 31 मई को बैठक रखी है।