video: जिला कलक्टर ने हिण्डोली में सुने जन अभाव अभियोग
हिण्डोली. त्रिस्तरीय जन सुनवाई व्यवस्था के तहत गुरुवार को जिले की उपखंड स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन हुआ। जिसमें अधिकारियों ने मौजूद रहकर आमजन की समस्याओं का समाधान कर राहत प्रदान की। जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने हिण्डोली के पंचायत समिति सभागार में लोगों के अभाव अभियोग सुने। समस्याओं के संबंध में यहां मौजूद संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र समाधान कर राहत देने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने जिला कलक्टर को नामांतरण, खाद्य सुरक्षा, शौचालय, नाली निर्माण, दिव्यांगों को प्रमाण पत्र प्रदान करने, रास्ते से अतिक्रमण हटवाने, आबादी विस्तार, पट्टे बनवाने, चारागाह भूमि, सफाई करवाने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित लगभग 13 समस्याओं से अवगत कराया। इनमें कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान भी हुआ।
जनसुनवाई के दौरान जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि ऐसे गांवों को चिन्हित करें जिसमें चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में प्रगति कम है, वहां पात्र परिवारों का पंजीयन कर शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करें। पंजीयन के लिए भामाशाह, जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जावे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मिशन स्वरोजगार के तहत दिव्यांग कमलेश जोशी को स्वरोजगार का प्रशिक्षण दिलाया जाए। मनरेगा श्रमिकों को भुगतान समय पर मिले। साथ ही जरूरतमंद लोगों को रोजगार दिया जावे। उन्होंने निर्देश दिए कि कचरा संग्रहण केंद्र भूमि सीमा ज्ञान का प्रस्ताव बनाकर भिजवाया जावे।
उन्होंने पानी जमाव की समस्या के निस्तारण करने के लिए सोखता गड्ढे निर्मित करने तथा कचरा प्रबंधन एवं नालियों की समय पर सफाई करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि पगारा गांव के क्षेत्र में अवैध खनन की रोकथाम के लिए कार्य योजना बनाकर कार्यवाही की जावे।
जनसुनवाई के दौरान उपखंड अधिकारी शत्रुघ्न सिंह गुर्जर, तहसीलदार असगर अली, नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह, विकास अधिकारी एम.एल. मीणा, शिक्षा विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।