चेयर टू चेयर तक जाकर एक-एक योग्यजन से मिलकर समस्या जानकर निस्तारण कराया-video
– योग्य जन आयुक्त ने की जनसुनवाई
– उपकरण भी वितरित किए
नैनवां. विशेष योग्यजन आयुक्त राज्यमंत्री उमाशंकर शर्मा ने सोमवार को नैनवां पंचायत समिति परिसर में जन सुनवाई की। कई योग्य जनों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण कराया। आयुक्त कुर्सियों पर बैठे योग्य जनों के पास पहुंचे और एक-एक योग्यजन से उसकी समस्या जानी।
जनसुनवाई को संबोधित करते हुए योग्यजन आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की प्रेरणा से विशेष योग्यजन आयुक्त आपके द्वारा मिशन तहसील 392 के तहत प्रदेश के 10 संभागों के 50 जिलों की 392 तहसीलों में विशेष योग्यजन की समस्याओं का निराकरण करने, विशेष योग्यजन प्रमाण पत्र एवं उपकरण वितरण करने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से उन्हें लाभान्वित कर रा’य सरकार की फ्लैगशिप योजना के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हर तहसील स्तर पर जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है जिसके तहत विशेष योग्य जनों को लाभान्वित किया जा सके। अब तक चार संभागों की 200 तहसीलों में जनसुनवाई की जा चुकी है। अगले सोमवार को शिविर लगाकर मेडिकल बोर्ड से पूरे दिन प्रमाण पत्र तैयार करने के साथ ही रोडवेज बस यात्रा पास भी तैयार करवाए जाएंगे।
विशेष योग्यजन आयुक्त ने हर विशेष योग्यजन के पास पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुना व समस्या का संबंधित विभाग के अधिकारियों के माध्यम से निराकरण किया। इस अवसर पर दिव्यांग जनों को ट्राई साइकिल, बैसाखी का वितरण, दिव्यांगजन प्रमाण पत्र, पेंशन सहित प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ शिविर के दौरान दिव्यांगजनों को मिला।
सामाजिक अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक राकेश कुमार, उपप्रधान मोहनलाल नागर, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष धर्मराज मीणा, शहर अध्यक्ष भारत भूषण गौतम ने भी सम्बोधित किया। जनसुनवाई में उपखंड अधिकारी शत्रुघ्नसिंह गुर्जर, नायब तहसीलदार बालकृष्ण भट्ट, विकास अधिकारी डॉ. सरोज बैरवा, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर एलपी नागर, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हुकुमचंद मीणा सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।