video: माइनर निर्माण से रास्ता हुआ बाधित, ग्रामीणों ने एक घंटे तक जताई नाराजगी
– आठ दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सादेडा-बांसी मुख्य मार्ग पर लगाएंगे जाम
– मौके पर सरपंच के आश्वासन पर माने ग्रामीण
भण्डेड़ा. भण्डेड़ा के निकट से होकर गुजर रही गोठड़ा मुख्य केनाल की माइनर पर पक्ïके निर्माण के दौरान यहां से गुजरने का रास्ता बंद कर देने से किसान व ग्रामीणों को दो वर्ष से आवागमन में परेशानी बनी हुई है। संबंधित विभाग द्वारा अभी तक सुध नहीं लेने से लोगों का आक्रोश फूट पड़ा।
इस समस्या को लेकर बुधवार को दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों सहित किसान माइनर पर एकत्रित हुए व सिंचाई विभाग के खिलाफ एक घंटे तक नारेबाजी करते हुए आक्रोश जताया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सादेड़ा सरपंच कैलाश सैनी के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। ग्रामीणों का कहना था कि विभाग ने आठ दिन में इस समस्या का समाधान नहीं किया तो उसके बाद सादेड़ा-बांसी मुख्य मार्ग पर जाम लगाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार गोठड़ा बांध की मुख्य केनाल पर टेल क्षेत्र में मुण्डली माइनर पर संबंधित विभाग ने गुजरियाखेडा के पुराने रास्ते पर पाइप लगे हुए थे। उनको हटाकर विभाग ने माइनर का पक्ïका निर्माण कर दिया पर आवाजाही के लिए माइनर पर पुलिया का निर्माण नही करवा गया। जिससे दो वर्ष से यहां से होकर आवागमन करने में किसानों सहित ग्रामीणों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इस समस्या से परेशान होकर दो दर्जन से अधिक ग्रामीण बुधवार को सुबह सात बजे माइनर पर पहुंचे। सिंचाई विभाग के खिलाफ नारेबाजी करके अपनी मांग को लेकर एक घंटे तक डटे रहे। एक घंटे के आक्रोश के बाद घटना की सूचना संबंधित ग्राम पंचायत सरपंच को दी। जिस पर सरपंच ने संबंधित विभाग से आने जाने के लिए माइनर पर जल्द पुलिया बनवाने का आश्वासन दिया, तब जाकर आक्रोशित ग्रामीण शांत हुए।