video: बैंक के नकाबपोश लुटेरों ने तोड़े ताले, केश रुम को सरिए से तोड़ने का किया प्रयास
केशवरायपाटन. कोटा दौसा मेगा स्टेट हाइवे के किनारे मेहराना गांव में स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में बुधवार रात को अज्ञात लुटेरों ने बैंक के ताले तोड़कर सेफ तोड़ने का प्रयास किया। लोहे के सरियों से लैस नकाबपोश लुटेरों ने पहले मुख्य दरवाजे की कुंदी को तोड़ कर अन्दर घुस कर बैंक के केश रुम के शटर को सरियों से तोड़ा।
अंदर घुस कर सेफ को तोडऩे का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली तो वहां रखे एक टेबलेट को लेकर फरार हो गए। बैंक के ताले टुटने की जानकारी गुरुवार सुबह चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के बैंक खोलने जाने पर लगी। उसे बैंक के मुख्य दरवाजे का कुंदा टूटा हुआ मिला। घटना के बारे में बैंक अधिकारियों को सूचना दी।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए नकाबपोश
भारतीय स्टेट बैंक शाखा मेहराना की सेफ में एक लाख रुपए रखे हुए थे। बैंक में रात के समय कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। सीसीटीवी फुटेज में तीन चार नकाबपोश युवक नजर आए, जिनके हाथों में लोहे के सरिए थे। यह 3.50 बजे अंदर घुसे और कागजों, अलमारियों को खंगाल कर सेफ को तोडऩे का प्रयास किया।
भारतीय स्टेट बैंक शाखा मेहराना के ताले तोडऩे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम के साथ 15 मिनट में मेहराना पहुंच कर कर जांच शुरू कर दी। बैंक मैनेजर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जाएगी। शीघ्र ही मामले को खोलने का प्रयास किया जा रहा है। संद्धिग्ध लोगों पर पुलिस टीम निगरानी रखें हुए हैं।
लोकेंद्र पालीवाल, थाना प्रभारी केशवरायपाटन