Crime News: जमीन पर कब्जा करने आए लोगों ने विरोध करने आई महिला को ट्रैक्टरों से कुचलकर मार डाला-video
– देवर पर भी जानलेवा हमला किया
– पाई गांव की घटना
नैनवां. थाना क्षेत्र के पाई गांव में मंगलवार दोपहर को भूमि पर कब्जा करने की नीयत से भूमि को हांकने आए लोगों ने भूमि हांकने का विरोध करने आई 35 वर्षीय महिला संजू बाई पत्नी प्रहलाद को ट्रैक्टरों से कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वही महिला के 27 वर्षीय देवर मनीष पर भी जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। घटना के बाद मौके से भाग गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खेत पर ट्रैक्टर से कुचली महिला व उसके घायल देवर को चिकित्सालय लेकर आई। जांच के बाद चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक योगेश चौधरी, प्रशिक्षु आरपीएस दिलीप मीणा, थानाधिकारी सुभाषचंद्र शर्मा चिकित्सालय पहुंचे और महिला के परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने घटना की गम्भीरता को देखते हुए तीन चिकित्सकों डॉ. मुरारीलाल मीणा, डॉ. देवकीनंदन शर्मा, डॉ. अंजली मीणा के मेडिकल बोर्ड का गठन करवाकर महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया।
पुलिस ने बताया कि पाई निवासी प्रहलाद मीणा व उसके भाई मनीष मीणा की खाते की जमीन पर कुछ लोग कब्जा करने के लिए भूमि को ट्रेक्टर से हांकने आए थे। प्रहलाद का परिवार इसका विरोध करने पहुंचे तो भूमि पर कब्जा करने आए लोगों ने प्रहलाद की पत्नी सन्जूबाई पर ट्रैक्टर चढ़ा दिए, ट्रैक्टरों से कुचलने से सन्जूबाई की मौत हो गई। प्रहलाद के भाई मनीष भी जानलेवा हमला करने से घायल हो गया।
घटना की यह दी रिपोर्ट
पुलिस ने बताया कि घायल मनीष मीणा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में लिखा कि हम हमारे खेत कि मेड पर बाड कर रहे थे तभी हमारी जमीन के समीप ही हमारी पुस्तेनी खातेदारी जमीन है, उस पर जबरन कब्जा करने की नियत से आरोपी शोपाल, जोधराज, डिप्टी मीना, रामसागर, जोधराज की पत्नि, शोपाल की पत्नी सुमित्रा, गीताराम मीना निवासी लक्ष्मीपुरा, मनराज मीना, मनराज की पत्नि, लेखराज, राजकुमार मीना निवासी पाई, प्रकाश व उसका पुत्र बलराम मीना निवासी भजनेरी, संतराम, जन्सी, प्रधान मीना निवासी गुजरीया खेडा एक राय होकर दो ट्रैक्टर से जमीन हांकने पहुंचे। एक ट्रैक्टर को जोधराज मीना, दूसरे ट्रैक्टर को संतराम चला रहे थे। इन दोनों ने मेरी भाभी संजू बाई पत्नि प्रहलाद के ऊपर दोनो ट्रैक्टर चढ़ा दिए। जिससे भाभी संजू बाई की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
मेरे ऊपर भी गन्डासी से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। आरोपीयो ने मां व मेरे भाई प्रहलाद को जान से मारने की कोशिश की। एक आरोपी पाई निवासी मनराज मीना ने एक दिन पूर्व भी मुझे जान से मारने की धमकियां दी थी ओर कहा था कल तेरी जमीन पर हम कब्जा करेंगे। जो आडे फिरेगा उसे जान से खत्म कर देंगे। पोस्टमार्टम करने वाले मेडिकल बोर्ड में शामिल डॉ. मुरारीलाल मीणा ने बताया कि महिला के अंदरूनी चोटें मिली है। अंदरूनी चोटों से अत्यधिक रक्तस्राव होने से महिला की मौत हुई है।
हत्या का मामला दर्ज
थानाधिकारी सुभाषचन्द्र शर्मा ने बताया कि महिला की हत्या करने व उसके परिजनों पर जानलेवा हमला करने के आरोप में चार गांवों की तीन महिलाओं सहित 16 जनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
आरोपियों को पकड़ने के लिए चार टीमें बनाई
पुलिस उपाधीक्षक योगेश चौधरी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए नैनवां व देई थाने की चार पुलिस टीमें गठित कर टीमों को आरोपियों की तलाश के लिए रवाना कर दिया। आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।