ट्रोली पलटने से चार जने घायल, दुर्घटनाओं का सबब बन रही सड़क-video
देई. कस्बे के केशवनगर के पास मंगलवार को देई गणेशपुरा सड़क मार्ग पर सरसों के कट्टों से भरी ट्रोली पलट गई। जिसमे चार जने घायल हो गए। घायलों को आसपास के दूकानदारों ने कट्टों के नीचे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। आसपास लोग नहीं होते तो यहां पर एक बडा हादसा हो जाता। बार बार दुर्घटनाओं के घटने के बाद भी सार्वजनिक निर्माण विभाग संवेदक द्वारा खुदाई कर छोडी सड़क की सुध नहीं ले रही है।
जिसके चलते आए दिन लोगों की जिन्दगी खतरे में पड़ रही है। जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। जानकारी के अनुसार बटावती से किसान ट्रैक्टर ट्रोली मे सरसों भरकर देई कृषि मंडी मे बेचने आ रहे थे। केशवनगर के पास सड़क के गड्डे में ट्रोली पलट गई। जिसमें बठावती निवासी रामजीलाल मीना (23), राजेश सैनी (32), खुशीराम सैनी (20), सत्यनारायण मीणा (50), सरसों के कट्टों के नीचे दब गए। ट्रोली पलटने से पूर्व ही खुशीराम ने ट्रोली से कूदकर अपनी जान बचाई।
ट्रोली पलटने पर आसपास के दूकानदारों ने कट्टों को हटाकर राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर पहुंचाया। जहां पर घायलों का उपचार किया गया। इस दौरान वाहनों का आवागमन बंद हो गया। सिर्फ दुपहिया वाहन निकल सके। बाद में जेसीबी की सहायता से टै्रक्टर ट्रोली को हटाकर सड़क पर आवागमन शुरु किया।