टायर जलाकर व्यापारियों ने साढ़े तीन घंटे जाम कर किया प्रदर्शन-video
बूंदी. खोजागेट रोड व्यापार संघ के लोगों ने शुक्रवार सुबह सड़क पर जाम लगा दिया। व्यापारी ठेकेदार द्वारा सड़क के दोनों छोर पर बड़े-बड़े पत्थर लगाकर नहीं हटाने से आक्रोश में थे। ऐसे में गुस्साएं व्यापारियों ने सड़क के दोनों ओर वाहन खड़े कर दिए और साढ़े तीन घंटे से अधिक जाम लगाकर नगर परिषद के विरुद्ध नारेबाजी की। अधिकारियों के मौके पर नहीं आने पर व्यापारी आक्रोशित हो गए और व्यापार संघ अध्यक्ष गोपेश वरयानी की अगुवाई में टायर जलाकर सभी ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर विरोध जताया।
करीब 12 बजे बाद नगर परिषद एईएन और शहर कोतवाल मौके पर पहुंचे, जहां एईएन द्वारा सड़क से पत्थर को शीघ्र हटाने के आश्वासन के बाद लोग माने ओर जाम हटाया। व्यापारियों के अनुसार ठेकेदार द्वारा खोजागेट रोड की सड़क तो बना दी, लेकिन सड़क के दोनों छोर पर बड़े-बड़े पत्थर रखकर रास्ता अवरूद्व कर दिया। व्यापारियों द्वारा कई बार नगर परिषद और संबंधित ठेकेदार से पत्थर हटाने की कहते रहे, लेकिन किसी ने नहीं सुनी और सुबह व्यापारियों के संब्र का बांध टूट गया और 9 बजे आजाद पार्क के यहां सड़क पर वाहन खड़ा कर जाम लगा दिया।
व्यापारी नारेबाजी करते रहे, लेकिन अधिकारियों के मौके पर नहीं आने पर गुस्साएं व्यापारियों ने सडक़ पर टायर जला दिए और अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद कर प्रदर्शन करने लग गए। व्यापारियों का कहना है कि दो महिने से धंधा पूरा चौपट हो गया। सभी व्यापारी आर्थिक तंगी से गुजर रहे थे। पहले सड़क के काम के चलते धंधा नहीं चला और अब सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर रख पूरा धंधा चौपट कर दिया। इससे ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहा है। वाहन दूर ही खड़े करने पड़ रहे है।
समझाईश के बाद गुस्साएं व्यापारी माने ओर नगर परिषद द्वारा पत्थर हटाने के बाद सभी ने अपने प्रतिष्ठान खोले। इस दौरान व्यापार महासंघ अध्यक्ष निरंजन जिंदल, महेश जिंदल, कोटा रोड अध्यक्ष राजकुमार सैनी, पार्षद मानस जैन, बुद्धिप्रकाश सोमानी, दिनेश जैन, अनुज जैन, जावेद, जाहिद सहित व्यापारी मौजूद रहे।