तेजाजी मेला डोल महोत्सव के लिए 25 लाख का बजट प्रस्ताव पारित-video
कापरेन. नगरपालिका द्वारा आयोजित होने वाले वीर तेजाजी मेला एवं डोल महोत्सव के आयोजन को लेकर पालिका सभागार भवन में दोपहर को पालिकाध्यक्ष हेमराज मेघवाल की अध्यक्षता में नगरपालिका बोर्ड की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक मेला बजट को लेकर पार्षदों के बीच बहस हुई और बाद में सर्वसम्मति से दस दिवसीय मेला आयोजित करने और मेला आयोजन के लिए पच्चीस लाख का बजट प्रस्ताव लिया गया। सभागार भवन पर दोपहर को एक बजे पालिका की बैठक शुरू हुई। नगरपालिका अधिशासी अधिकारी राजूलाल मीणा ने बोर्ड बैठक में वीर तेजाजी मेला एवं डोल महोत्सव के आयोजन को लेकर चर्चा की शुरुआत की।
इस दौरान ही पालिका प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रकट करने के लिए काली टीशर्ट पहन कर पहुंचे पार्षद कमला शंकर सुमन ने पालिका द्वारा बिना बोर्ड की अनुमति के चलाए जा रहे कार्यो पर आपत्ति जताई। बाद में मेला आयोजन को लेकर बजट पर चर्चा शुरू करवाई गई।प्रतिपक्ष नेता जितेंद्र पापडीवाल ने सर्वसम्मति से मेला संयोजक बनाए जाने की मांग रखी। बैठक में मेला संयोजक को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया।मेले के सफल आयोजन के लिए बजट को लेकर पार्षदों के बीच गर्मागर्म बहस हुई। भाजपा पार्षदों ने पिछले मेला बजट में दस फीसदी बढ़ाकर मेला बजट रखने का प्रस्ताव रखा।
पालिका उपाध्यक्ष हेमंत पंचोली, विनोद मेघवाल, महिला पार्षद राधा गौतम, भगवती चौरसिया, पार्वती पांचाल ने कहा कि मेला खर्च पिछले बजट का ही रखा जाए और पालिका बजट का अनावश्यक उपयोग नहीं किया जाकर विकास कार्यो में खर्च होना चाहिए। वहीं कांग्रेसी पार्षदो धनराज मीणा, दीपक धाभाई, मनोनीत पार्षद अशोक बाकलीवाल ने बजट तीस लाख तक रखने का प्रस्ताव रखा। बाद में नगरपालिका अध्यक्ष हेमराज मेघवाल ने सर्वसम्मति से मेला दस दिवसीय आयोजित करने और इसके लिए 25 लाख का बजट प्रस्ताव रखने के साथ ही बैठक सम्पन्न होने की घोषणा की। बैठक में पार्षद भूपेंद्र हाड़ा, विनोद काका, हरनाथ मीणा, सानिया मिर्जा, परमानंद मेहरा, सत्येन्द्र पचेरवाल, सम्पत मीणा, जितेंद्र सुमन आदि पार्षदो सहित कर्मचारी मौजूद रहे।