15 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बूंदी

पार्षदों के हंगामे को देख पालिकाध्यक्ष ने बैठक स्थगित की, प्रस्तावित बिंदुओं पर नहीं हो पाई चर्चा-video

नैनवां नगरपालिका बोर्ड की मंगलवार को आयोजित बैठक में स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों के लिए वितरित मिठाई गुणवत्ता ठीक नहीं होने, शहरी ओलंपिक खेलों में खिलाडिय़ों को भोजन के बिलों की जांच व स्टेडियम में लगाई हाईमास्क लाइटों के खरीद टेंडर के नियमों का उलंघन करने का आरोप लगाकर कांग्रेस व भाजपा के पार्षदों ने हंगामा कर दिया।

Google source verification

बूंदी

image

pankaj joshi

Aug 29, 2023

पार्षदों के हंगामे को देख पालिकाध्यक्ष ने बैठक स्थगित की, प्रस्तावित बिंदुओं पर नहीं हो पाई चर्चा-video
नैनवां. नैनवां नगरपालिका बोर्ड की मंगलवार को आयोजित बैठक में स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों के लिए वितरित मिठाई गुणवत्ता ठीक नहीं होने, शहरी ओलंपिक खेलों में खिलाडिय़ों को भोजन के बिलों की जांच व स्टेडियम में लगाई हाईमास्क लाइटों के खरीद टेंडर के नियमों का उलंघन करने का आरोप लगाकर कांग्रेस व भाजपा के पार्षदों ने हंगामा कर दिया।

पार्षदों का हंगामा देखकर बैठक में शामिल एजेंडे के बिंदुओं पर चर्चा कराए बिना ही पालिकाध्यक्ष ने बैठक को स्थगित करने की घोषणा कर समाप्त कर दी। हंगामे की सूचना पाकर पुलिस भी नगरपालिका कार्यालय पर पहुंची। तीज की सवारी का आयोजन, मेलादहेलवाल-2023 के आयोजन, भूखण्डों के स्थानांतरण, नगरपालिका द्वारा कराए गए विभिन्न प्रकृति के निर्माणों, मरम्मत व विकास कार्यों के अनुमोदन कराने के लिए बैठक आयोजित की थी।

बैठक शुरू होते ही पार्षदों प्रमोद जैन, पुखराज ओसवाल, दिलखुश पोटर, अमृतराज मीणा, नबील अंसारी, वीणा पांडेय, सीमा शर्मा, रजनीश शर्मा, ओमप्रकाश गुर्जर, उम्मेद नागर, राजू चौधरी, कपिल जैन, दुर्गालाल सैनी, रामबाबू वर्मा सहित अन्य पार्षदों ने स्वतंत्रता दिवस पर नगरपालिका प्रशासन पर विद्यालयों में भेजी नुक्ती(मिठाई), शहरी ओलंपिक खेलों के खाने व स्टेडियम में हाई मास्क लाइटों के टेंडर की पत्रावलियां बैठक में रखकर पार्षदों को दिखाने की पालिकाध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी से मांग करने लगे।

पत्रावलियां बैठक में नही मंगाई तो पार्षदों ने हंगामा कर दिया। कुछ पार्षद तो अधिशासी अधिकारी व पालिकाध्यक्ष के सामने पहुंच गए और पालिकाध्यक्ष से जवाब देने की मांग करने लगे। हंगामा तेज होता देखकर पालिकाध्यक्ष प्रेमबाई ने बैठक को स्थगित करने की घोषणा कर उपाध्यक्ष आबिद हुसैन व अधिशासी अधिकारी मुकेश नागर के साथ बैठक से उठकर चली गई। पालिकाध्यक्ष द्वारा बैठक स्थगित करने के बाद भी पार्षद हंगामा कर बैठक स्थगित करने का विरोध करते रहे। हंगामे की सूचना पर थाने से पुलिस जाप्ता भी पालिका कार्यालय पर पहुंच गया।

इसलिए स्थगित की
पालिकाध्यक्ष प्रेमबाई का कहना है कि बैठक में प्रस्तावित बिंदुओं पर चर्चा करने की बजाए अन्य बिंदुओं पर बोलकर हंगामा करने लगे। हंगामे के कारण बैठक को स्थगित कर समाप्त करना पड़ा।

जांच के बाद ही भुगतान करे, पार्षदों ने अधिशासी अधिकारी को दिया ज्ञापन
बैठक समाप्ति के बाद सभी पार्षदों ने अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन देकर स्टेडियम में लगाई हाई मास्क लाइटों का भुगतान नहीं करने की मांग की। ज्ञापन में पालिका उपाध्यक्ष आबिद हुसैन सहित सभी पार्षदों के हस्ताक्षर है। ज्ञापन में लिखा कि नगरपालिका द्वारा स्टेडियम में हाईमास्क लाइटों का टेंडर एक करोड़ उन्नासी लाख रुपए का किया गया था, जो लाइटों की रोशनी व गुणवत्ता से काफी अधिक प्रतीत हो रहा है। लाइटों की गुणवत्ता व जी शिड्यूल की जांच उच्च स्तर पर करवाई जावे। जांच होने तक किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं किया जाए।

भाजपा पार्षदों ने एसडीओ को ज्ञापन दिया
शहरी ओलंपिक खेलों में खिलाडिय़ों को दिए भोजन के बिलों की जांच कराने की मांग को लेकर भाजपा के पार्षदों ने उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन दिया। पार्षद प्रमोद जैन, पुखराज ओसवाल, दिलखुश पोटर, सीमा शर्मा, सरिता नागर, कपिल शर्मा, राजू चौधरी, उम्मेद नागर, रामबाबू वर्मा व रजनीश शर्मा शामिल थे। उपखण्ड अधिकारी ने सात दिन में जांच कराने का आश्वासन दिया।