10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बूंदी

Ramgarh Vishdhari Tiger Reserve: एक कदम बढ़ा रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व, हुआ प्रशासनिक सेटअप-video

रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व को बसाने के लिए अब प्रशासनिक सेटअप शुरू कर दिया है।

Google source verification

बूंदी

image

pankaj joshi

Jul 03, 2022

Ramgarh Vishdhari Tiger Reserve: एक कदम बढ़ा रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व, हुआ प्रशासनिक सेटअप-video
उपवन संरक्षक एवं उपक्षेत्र निदेशक (कोर) के साथ 125 नए पद आवंटित
बूंदी. रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व को बसाने के लिए अब प्रशासनिक सेटअप शुरू कर दिया है। इसके लिए यहां एक उपवन संरक्षक एवं उपक्षेत्र निदेशक (कोर) का पद आवंटित किया गया है।

फिलहाल इस पद पर रणथम्भौर बाघ परियोजना के उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक (प्रथम) संजीव शर्मा को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इसके साथ ही दो सहायक वन संरक्षक, 6 क्षेत्रीय वन अधिकारी, आठ वनपाल, 12 सहायक वनपाल और 52 वनरक्षकों के पद सहित 125 नए पद आवंटित कर दिए गए हैं। गौरतलब है कि प्रशासनिक सेटअप होने के बाद यहां का काम गति पकड़ेगा।

कोर व बफर के दो उप वन संरक्षक
आदेशों में नया बदलाव यहां दो उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक लगाने का किया है। यहां एक उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक (कोर) व एक उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक (बफर) के रूप में कार्य करेगा। उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक (बफर) का कार्य बूंदी वन मंडल उप वन संरक्षक को ही दिया गया है।

बारिश रुकते ही आएंगे चीतल
रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व में प्रेबेस बढ़ाने के लिए कवायद तेज हो गई है। यहां एनक्लोजर तैयार हो चुका है। वहीं घना अभयारण्य से चीतल लाने के लिए प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जानकारी के अनुसार घना अभयारण्य से 150 चीतल लाए जाने हैं, लेकिन बारिश होने के कारण काम को कुछ दिनों के रोका गया है। कुछ दिन बारिश रुकने और जमीन सूखते ही चीतल को यहां लाया जाएगा।

इस तरह से बांटी कोर व बफर रेंज
रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व में कोर व बफर की रेंजों को भी बांटा गया है। इसमें कोर में 6 रेंज और बफर में तीन रेंज शामिल की गई है। कोर में रामगढ़, जैतपुर पहले से मौजूद थी। इसके साथ ही भोपतपुरा, इटावा, केशवरायपाटन और इंद्रगढ़ को भी शामिल किया है। साथ ही बफर में बूंदी, बसोली और डाबी रेंज को दिया गया है। यह तीनों पहले बूंदी वन मंडल में थी। बफर में तीन रेंजों का 63490.98 हैक्टेयर क्षेत्र रहेगा। कोर में रामगढ़ रेंज में 25182.76, जैतपुर रेंज में 14752.99, भोपतपुरा में 14901.33, इटावा में 13168.88, केशवरायपाटन में 14037.01, इंद्रगढ़ में 24275.71 हैक्टेयर क्षेत्र रहेगा।

उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक के लिए भवन की तैयारी
रामगढ़ विषधारी में अब तक उप वन संरक्षक का कार्य कोटा से देखा जा रहा था। यहां टाइगर रिजर्व बनने के बाद उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक का पद आवंटित होते ही अब भवन के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। नए भवन के बनने से पहले अस्थाई रूप से कार्यालय संचालित किया जाएगा। इसके बाद जगह चिह्नित कर नए भवन का निर्माण शुरू कराया जाएगा। इसके लिए भी तैयारी शुरू कर दी गई है।

कोटा मुख्य वन संरक्षक के अधीन रहेगा कामकाज
पीसीसीएफ की ओर से जारी आदेशों के अनुसार रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व का प्रशासनिक नियंत्रण मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्र निदेशक कोटा के अधीन ही रहेगा। वर्तमान में भी रामगढ़ के सभी कार्य कोटा सीसीएफ के अधीन ही किए जा रहे थे। जिसे यथावत रखा गया है।

रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व में प्रशासनिक सेटअप के लिए नए पद आवंटित किए गए हैं। एसीफ, रेंजर सहित 125 नए पद आवंटित किए हैं। चीतल थोड़ी बारिश रुकने के बाद लाए जाएंगे।
आलोकनाथ गुप्ता, उप वन संरक्षक, कोटा वाइल्डलाइफ

रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व में प्रशासनिक सेटअप किया गया है। यह यहां के लिए अच्छी बात है। इन पदों पर अब जल्द पदस्थापना भी करनी चाहिए, जिससे काम तेजी पकड़ सके। पद आवंटित करने से यहां वनों और वन्यजीवों की सुरक्षा भी बढ़ेगी।
पृथ्वीसिंहराजावत, वन्यजीव प्रेमी