
हिण्डोली. टक्कर के बाद पलटी पुलिस की जीप।
हिण्डोली. थाना क्षेत्र के बासनी के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग 52 पर सोमवार दोपहर जल संसाधन मंत्री को एस्कॉर्ट करने के लिए लगाई गई पुलिस जीप को एक कंटेनर ने टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद जीप पलट गई, जिससे उसमें सवार एएसआई सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए हिण्डोली चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जिस समय हादसा हुआ, उस समय एस्कॉर्ट मंत्री की गाड़ी को एस्कॉर्ट करने के लिए जिले की सीमा पर उनका इंतजार कर रही थी।
हिण्डोली थाने के एएसआई गोपाल वर्मा ने बताया कि बूंदी लाइन पुलिस से मंत्री के बूंदी आगमन के मद्देनजर एस्कॉर्ट लगाई गई थी। एएसआई मोहनलाल, चालक अभिषेक, कांस्टेबल विनोद और विजय ङ्क्षसह जीप में सवार होकर बासनी बॉर्डर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान जीप को साइड में खड़ा करते समय देवली की ओर से तेज गति से आ रहे कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे जीप पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। इससे पहले ही जीप के टूटे शीशों से सभी जवान बाहर निकल आए। घायलों को एंबुलेंस से हिण्डोली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। चालक अभिषेक ने बताया कि एस्कॉर्ट के लिए जीप सडक़ किनारे खड़ी की जा रही थी, तभी अचानक कंटेनर ने टक्कर मार दी। पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एक घंटे तक हाइवे बाधित
टक्कर के बाद पुलिस जीप पलट गई, जबकि कंटेनर डिवाइडर पर चढ़ गया, जिससे देवली से बूंदी की ओर जाने वाला मार्ग वन वे हो गया। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। बाद में हाइवे अथॉरिटी के कार्मिक मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु करवाया गया।
Updated on:
10 Feb 2026 12:15 pm
Published on:
10 Feb 2026 12:14 pm
