सूने मकान में तिजोरी काटकर लाखों के जेवरात व नकदी ले गए-video
कापरेन. शहर के वार्ड पांच में मेगा हाइवे कोटा बायपास रोड तिराहे पर स्थित राम रतन बैरवा के सूने मकान से बुधवार रात्रि को चोर मकान का ताला तोडकऱ अंदर घुस गए और कमरे में रखी तिजोरी का ताला कटर मशीन से काटकर लाखों के सोने चांदी के जेवरात व दो लाख रुपए लेकर मौके से फरार हो गए।
सुबह साढ़े नौ बजे मकान मालिक राम रतन बैरवा खेत से वापस घर आया तो मकान का ताला टूटा देखा।अंदर प्रवेश किया तो कमरे का भी ताला टूटा था और कमरे में रखी तिजोरी का ताला अलग पड़ा था। तिजोरी में रखे सोने, चांदी के जेवरात और नकद रुपए नहीं मिलने पर किसान के होश उड़ गए। पड़ोसियों को बुलाया और घटना बताई। बाद में खेत से बड़े बेटे बृजमोहन को फोन कर बुलाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद कापरेन पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना कर बृजमोहन की रिपोर्ट पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश व कार्यवाही शुरू कर दी है।
बृजमोहन बैरवा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि मेगा हाइवे बायपास पर मकान है और गांव पीपल्दा जागीर है, जहां खेती बाड़ी करते है। बुधवार को गांव पीपल्दा जागीर में उड़द की फसल की कटाई करवाने के लिए पूरे परिवार के सदस्य गांव गया था और मकान में ताला लगाया हुआ था।
गत रात्रि को अज्ञात चोर बदमाश मुख्य दरवाजे का ताला तोडकऱ अंदर घुस गए और कमरे में रखी तिजोरी को कटर मशीन से काटकर खोल लिया। तिजोरी में रखे दो लाख रुपए नकद, सोने के आभूषण एक हाथ का बाजूबंद, एक हार, चार चूडिय़ां, एक टिकला, एक नथ,एक जोड़ी टोकरियां, एक तायत, चार मूंगे, और चांदी के आभूषण में पायजेब,दो चेन, दो चूडिय़ां, एक छल्ला, फॉलरिया, अंगूठी, बिछिया आदि चुराकर ले गए।साथ ही कमरे में रखे सूटकेस, अलमारी, पलंग के बिस्तर आदि सामान फैला दिए। मकान से अज्ञात बदमाश करीब नो लाख रूपये की चोरी कर ले गए। बृजमोहन ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्यवाही करने और अज्ञात बदमाशों की तलाश कर उचित कार्यवाही की मांग की है।