बांसी-कालानला मार्ग पर पुलिया निर्माण में वन विभाग बना बाधा-video
भण्डेड़ा. क्षेत्र के बांसी से कालानला मुख्य मार्ग पर हनुमान मंदिर के निकट मेज नदी पर पुलिया निर्माण के लिए 15 करोड़ रुपए स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करने का आदेश हो गया था, जिस पर 22 सितंबर को वन विभाग के कर्मचारी ने मौके पर पहुंचकर संवेदक से कार्य को बंद करवा दिया था। इसकी सूचना खेल राज्यमंत्री अशोक चांदना को मिलते ही शनिवार को राज्यमंत्री विभागीय उच्चाधिकारियों से बातकर पुलिया निर्माण का कार्य शुरू करवा दिया गया है।
जानकारी अनुसार बांसी वाया रामगंज व कालानला मार्ग पर हनुमान मंदिर के निकट मेज नदी पर छोटी पुलिया होने से बरसात के समय इस मार्ग से आवाजाही करने वाले लगभग पचास गांवों के राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पुलिया निर्माण के लिए 21 सितंबर को संवेदक मशीनरी लेकर मौके पर पहुंचकर पुलिया निर्माण के लिए साफ-सफाई का कार्य शुरू किया गया था।
पुलिया निर्माण के कार्य को शुरू होते देखकर टाइगर रिजर्व रामगढ़ विषधारी अभयारण्य क्षेत्र के जैतपुर नाका प्रभारी रामनारायण विश्नोई द्वारा संवेदक से कार्य बंद करवा दिया गया था। इसकी जानकारी खेल राज्यमंत्री अशोक चांदना को दी गई। अभयारण्य के उच्चाधिकारियों से बात करने के बाद मौके पर बंद निर्माण कार्य को शुरू करवाया गया।