तेजाजी की बिंदौरी में हैरतअंगेज कलाओं का किया प्रदर्शन-video
नोताडा. कस्बे में शुक्रवार को सप्तमी के अवसर पर हाली ग्वाल एवं ड्राइवर युनियन के द्वारा तेजाजी महाराज की बिंदौरी निकाली गई। जिसमें कलाकारों द्वारा हैरतअंगेज कलाओं का प्रदर्शन किया गया। जिसे देखकर ग्रामीण अचंभित होते रहें। इससे पहले बिंदौरी का शुभारंभ मुख्य अतिथि देईखेडा थानाधिकारी सुरजीत सिंह, अध्यक्षता देवलाल गुर्जर गोहाटा, विशिष्ट अतिथि देईखेडा व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश व्यास,चहिंचा माईनर अध्यक्ष शंम्भूदयाल मीणा,व वाटर मास्टर सुरेश बैरागी, बनवारी सेन ने फीता काटकर किया।
युनियन के सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। जिसके बाद बिंदौरी तेजाजी महाराज के परिक्रमा करते हुए गांव के लिए रवाना हुई जो गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांव की परिक्रमा करते हुए रात में वापिस तेजाजी महाराज के स्थान पर पहुंची। बिंदौरी में कलाकारों ने सिर पर आग जलाकर चाय बनाने, रिंग डांस, बाइक डांस, कांच नृत्य, तलवार डांस,भंवई नृत्य जैसी कलाओं का प्रदर्शन किया तो ग्रामीण अचंभित होते रहें। अन्य कलाकारों ने भी तेजाजी गायन, घोड़ी नृत्य की प्रस्तुतियां दी। बिंदौरी में रघुनाथपुरा, धरावन, मालिकपुरा, खेडिया दुर्जन सहित आसपास के गांवों से भी ग्रामीण मौजूद रहे।