बूंदी को मिलेगा आज प्रदेश का छठा सिंथैटिक ट्रेक-video
– लोकसभा अध्यक्ष बिरला करेंगे लोकार्पण,कई कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा
बूंदी. छोटीकाशी बूंदी के खिलाड़ियों के लिए शनिवार का दिन बड़ी सौगात लाएगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शनिवार सुबह 8 बजे उन्हें एथलेटिक्स सिंथेटिक ट्रैक समर्पित करेंगे। खेल संकुल में करीब 7 करोड़ की लागत से बना प्रदेश का यह छठा एथलेटिक्स ट्रैक होगा। स्पीकर बिरला इसके अलावा भी विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। लोकसभा अध्यक्ष बिरला के प्रयासों से गत वर्ष दिसम्बर में खेल संकुल का जीर्णोद्धार प्रारंभ हुआ था।
इसमें करीब 20 करोड़ रूपए की लागत से सिंथेटिक ट्रैक, वॉकिंग ट्रैक, स्विमिंग पूल तथा मल्टीपरपज इनडोर हॉल का निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ था। इसका शिलान्यास करते हुए स्पीकर बिरला ने कहा था कि उनका प्रयास है कि यह सुविधाएं जल्द से जल्द लोगों को उपलब्ध हों। अब सिंथैटिक ट्रैक का निर्माण पूरा होने पर स्पीकर बिरला शनिवार सुबह 8 बजे आयोजित कार्यक्रम में इसे जनता को समर्पित करेंगे।
इस दौरान स्पीकर बिरला के नेतृत्व में खिलाड़ी, विद्यार्थी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तिरंगा लेकर दौड़ेगे। इसके बाद स्पीकर बिरला सुबह 11 बजे निजी मैरिज गार्डन में प्राइवेट स्कूल्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में सम्मिलित होंगे।
इस कार्यक्रम के बाद स्पीकर बिरला दोपहर 1 बजे तालेड़ा स्थित मैरिज गार्डन में तालेड़ा व बूंदी पंचायत समिति में केंद्रीय सडक़ निधि, सांसद निधि, सीएसआर मद, माडा योजना तथा पंचायत समिति की ओर से करवाए गए विभिन्न कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे।