चम्बल नदी उफनी, घाट, केशव रंगमंच डूबे-video
केशवरायपाटन. चंबल के कोटा बैराज से पानी की निकासी करने के बाद धार्मिक नगरी में चर्मण्यवती का स्वरूप निखर उठा। चम्बल उफान पर आ गई। यहां देर रात से ही पानी की तेज आवक होने से चंबल नदी के सभी घाट केशव रंगमंच, धर्मशालाएं, चबूतरे जलमग्न हो गए। पानी कार्तिक मेला परिसर को पार कर आधा दर्जन सीढिय़ों तक पहुंच गया।
नाव घाट पर भगवान गणेश के मंदिर के पास हैंडपंप तक चंबल हिलोरे मारने लगी। नाविकों ने अपनी नाव को सुरक्षित बांध दिया। शाम को चंबल में पानी की आवक कम हो गई, नदी में तेज बहाव होने के बाद भी केशव मंदिर की सीढिय़ों पर छोटे-बड़े बालक बालिकाएं व लोग पानी में स्नान करते हुए नजर आए। यहां सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं थी। प्रशासन और पुलिस की व्यवस्था नहीं होने से लोग बेरोकटोक पानी में अंदर तक जा रहे थे।