ईवीएम में बंद है प्रत्याशियों का भाग्य, 3 को होगा फैसला – video
बूंदी. बूंदी विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों पर मतदान प्रतिशत के आंकड़े भी इस बार चौंकाने वाले हैं। भाजपा एवं कांग्रेस के परंपरागत मतों की बात करें तो 96 ऐसे मतदान केंद्रों पर 80 प्रतिशत सेे अधिक मतदान हुआ है। वहीं 43 मतदान केंद्र ऐसे है, जहां 70 फीसदी मतदान हुआ है। ऐसे में भाजपा-कांग्रेस एवं निर्दलीय प्रत्याशी इन आंकड़ों को अपनी जीत के सांचे में फिट बैठाने का दावा कर रहे हैं। बूंदी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के बाहुल्य क्षेत्र के 30 सेे 40 मतदान केन्द्रों में जहां 80 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है। जबकि राजकीय प्राथमिक विद्यालय भगवानपुरा भवन के मतदान केंद्र में पर सर्वाधिक 97.04 प्रतिशत मतदान हुआ तो सबसे कम नैनवां रोड जलदाय विभाग के एक्सईएन कार्यालय के क.न.-1 के मतदान केंद्र पर 59.36 प्रतिशत मतदान हुआ है।
अपने-अपने जीत के कर रहे दावें
बूंदी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न मतदान केंद्रों पर हुए मतदान के अनुसार दोनों ही दल भाजपा व कांग्रेस अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहा है। भाजपा जहां मतदान प्रतिशत बढ़ने को लेकर उत्सुक है तो वहीं कांग्रेस भी अपनी योजना के दम पर पूरे क्षेत्र पार्टी के पक्ष में मतदान होना मान रही है। हालांकि यहां मुकाबला त्रिकोणीय होने से भी रोचक बना हुआ है। फिलहाल प्रत्याशियों के भाग्य ईवीएम में बंद है। 3 दिसंबर को फैसला होगा।
60 से 80 फीसदी के यह रहे मतदान केंद्र
बूंदी विधानसभा क्षेत्र के 43 मतदान केंद्र ऐसे है, जहां 60 से 70 फीसदी तक मतदान हुआ है। वहीं 70 से 80 फीसदी तक मतदान केंद्रों की संख्या अधिक 173 है। बूंदी विधानसभा क्षेत्र में 3 थर्ड जेंडर ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
महिलाओं से अधिक रहा पुरुषों का मतदान
बूंदी विधानसभा क्षेत्र में 3 लाख 9 हजार 220 मतदाता थे, जिसमें से 2 लाख 36 हजार 760 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल मतदान प्रतिशत 76.57 फीसदी रहा। वहीं इस विधानसभा में महिलाओं के मुकाबले पुरुषों ने अधिक मतदान किया है। यहां पुरुष मतदाता 1 लाख 57 हजार 799 मतदाताओं में से 1 लाख 24 हजार 639 ने अपना मत डाला। जिनका 78.99 फीसदी मतदान हुआ। वहीं महिला मतदाता 1 लाख 51 हजार 418 में से 1 लाख 12 हजार 118 महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनका 74.05 प्रतिशत मतदान हुआ।
इन पांच केंद्रों में सर्वाधिक मतदान
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सांकडदा भवन – 90.59, राजकीय उच्च माध्यामिक विद्यालय गोपालपुरा (बरड़) भवन-90.25, राजकीय प्राथमिक विद्यालय तीतरवासा भवन – 94.09, राजकीय प्राथमिक माध्यामिक विद्यालय भगवानपुरा भवन – 97.04, राजकीय उच्च माध्यामिक विद्यालय भवन सूतडा क.न.-1 – 90.44 रहा।