चांद का किया दीदार, व्रत रख मांगी सुहाग की लंबी उम्र-video
बूंदी. दांपत्य जीवन का अनूठा पर्व करवा चौथ बुधवार को जिलेभर में उल्लास व उमंग के साथ मनाया गया। सुहागिनों ने निर्जला व्रत किया और अपने पति के दीर्घायु होने की कामना की।
रात को चांद के दीदार के बाद महिलाओं ने अघ्र्य देकर अपना व्रत खोला। जिला मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी करवा चौथ का पर्व मनाया गया। महिलाओं ने व्रत रखने के साथ ही परंपरागत रूप से रिवाजों का निर्वहन भी किया।
इस मौके पर महिलाओं द्वारा विशेष पूजा-अर्चना कर प्रार्थना की। बुजुर्गों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। महिलाओं में सजने संवरने की भी होड़ लगी रही। ब्यूटी पार्लरों पर महिलाओं की भीड़ लगी रही। कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से एकत्रित होकर व्रत की कथा सुनी।