खेत में कीटनाशक छिड़काव के दौरान किसान की मौत-video
कापरेन. क्षेत्र के सारसला गांव निवासी किसान पेमल बंजारा (30) पुत्र रामस्वरूप की कीटनाशक दवा के असर से अचेत होने के बाद देर रात को कोटा अस्पताल में मौत हो गई।
जानकारी अनुसार पेमल बंजारा शनिवार शाम को सरसों के खेत में कीटनाशक दवा का छिड़काव करने के लिए गया था। इस दौरान दवा के असर से अचेत होकर नीचे गिर गया। सूचना मिलने पर परिजन खेत में पहुंचे और रात को ही अचेत हालत में कोटा अस्पताल लेकर गए, जहां उपचार के दौरान देर रात को किसान की मौत हो गई। किसान की मौत होने की सूचना मिलने पर रविवार को सुबह कापरेन पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द किया गया।
कापरेन पुलिस निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सारसला सरपंच राधा मीणा ने बताया कि पेमल बंजारा शादीशुदा है और तीन बच्चे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है। खेती बाड़ी कर परिवार का पालन पोषण कर रहा था। सरपंच सहित ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक की पत्नी को आर्थिक मदद दिलाने की मांग की है।