जनप्रतिनिधियों के समय से नहीं आने पर समिति की बैठक निरस्त-video
केशवरायपाटन. पंचायत समिति में शुक्रवार को आयोजित साधारण सभा की बैठक सदस्यों के आने के पहले ही कोरम का अभाव बताकर निरस्त कर दी गई। इस पर आक्रोशित सदस्यों ने विकास अधिकारी के सामने नाराजगी प्रकट की। आठ माह बाद शुक्रवार को समिति सदस्यों की साधारण बैठक आयोजित की गई थी। बैठक 11 बजे शुरू होनी थी। जब साढ़े ग्यारह बजे तक दो ही जनप्रतिनिधि आए तो विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा ने कोरम के अभाव में बैठक को निरस्त कर दिया।
इसके बाद समिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे सदस्यों को बताया गया कि बैठक को निरस्त कर दिया गया तो सदस्यों में रोष उत्पन्न हो गए। बैठक में आए समिति सदस्य ब्रह्मानंद मीणा ने आरोप लगाया कि जन समस्याओं के लिए आयोजित बैठक को षडयंत्र पूर्वक निरस्त किया गया है, जिससे दुरदराज से आने वाले जनप्रतिनिधि परेशान हुए। समिति सदस्य देवकिशन मीणा ने आरोप लगाया कि विकास अधिकारी अपने कार्य से दिल्ली जा रहे हैं, जिस वजह से बैठक को निरस्त किया गया, जो अनुचित है।
सदस्य रामगोपाल मीणा ने कहा कि पंचायत समिति का क्षेत्र इंद्रगढ़ तक है, जहां से पहुंचने में सदस्यों को समय लगता है, लेकिन प्रशासन ने सदस्यों का इंतजार नहीं कर मनमाने तरीके से बैठक को निरस्त कर दिया, जो निंदनीय है। समिति सदस्य पूजा बैरागी ने आरोप लगाया कि लंबे समय बाद बैठक बुलाई गई थी। 12 बजे कोरम पूरा हो गया था, लेकिन विकास अधिकारी ने आनन-फानन में बैठक को निरस्त पहले ही कर दिया, जिससे विकास के कार्यों में चर्चा नहीं हो पाई। बैठक में आए जिला परिषद सदस्य कृष्ण चंद्र वर्मा, रामहेत ने आरोप लगाया कि सदस्य के आने से पहले ही बैठक शुरू कर दी गई और जब सदस्य पहुंचे तो बैठक को निरस्त कर दिया।
बैठक में उप प्रधान बद्री लाल मीणा, समिति सदस्य अर्जुन बैरवा, रूपचंद , विवेक नागर, जिला परिषद सदस्य अमृतलाल गुर्जर आए थे। 12 बजे तक कोरम पूरा हो गया था। साढ़े ग्यारह बजे बाद उपखंड अधिकारी मालविका त्यागी भी बैठक में शामिल होने समिति कार्यालय पहुंची।