पुलिस प्रशासन की समझाइश आई काम, मृतक का किया अंतिम संस्कार-video
हिण्डोली. थाना क्षेत्र के निकट नटावा रोड पर एक जने के साथ मारपीट के बाद उसकी मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार देर रात तक मृतक के घर के बाहर शव को लेकर बैठ गए थे। बाद में पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के आश्वासन पर मान गए एवं रविवार को मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया।
जानकारी के अनुसार तालाब गांव निवासी गुलजार की 4 सितंबर देर रात को नटावा के आधा दर्जन युवकों ने हथियारों से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। जिसकी मौत शनिवार दोपहर को जयपुर के एक निजी चिकित्सालय हो गई थी। गुलजार की मौत के बाद गांव के लोगों में आक्रोश फैल गया। रात को उस के शव को लेकर बैठ गए थे। मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपए, एक सदस्य को सरकारी नौकरी, चारों बच्चों को निशुल्क पढ़ाई, आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग करने लगे।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर हेमराज पडिरवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम सिंह कस्वा, हिण्डोली पुलिस उपाध्यक्ष सज्जन सिंह राठौड़ मय जाप्ता रात भर मौके पर रहे। लोगों से समझाइश की। जिस पर प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा व सरकारी नौकरी के प्रस्ताव सोमवार को राज्य सरकार को भिजवा दिए जाएंगे। जिस पर गांव के लोग मान गए एवं रविवार को मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया।
प्रशासनिक अधिकारी द्वारा नियमानुसार राज्य सरकार को मुआवजा व मृतक के परिजन को सरकारी नौकरी दिलाने के प्रस्ताव भिजवाए जाएंगे। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की बात मानी और मामला शांत हो गया। रविवार को मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
सज्जन सिंह राठौड़, पुलिस उपाधीक्षक हिण्डोली