जिले में बढ़ेगी जंगलों की सुरक्षा,बूंदी को मिले 47 नए वनरक्षक-video
बूंदी. जिले में खाली पड़े वनकर्मियों के पदों पर 47 नए वनरक्षकों की नियुक्ति के आदेश हो गए है तथा 36 ने ज्वाइन करके काम भी शुरू कर दिया है। वनकर्मियों के रिक्त पदों पर पदस्थापन होने से अब जंगलों की सुरक्षा प्रभावी तरीके से हो सकेगी तथा वन एवं वन्यजीव सुरक्षित होंगे। हाल ही में हुई वनरक्षकों की राज्यस्तरीय नियुक्ति में बूंदी के रामगढ विषधारी टाइगर रिजर्व (कोर) में 15 तथा प्रादेशिक वन मंडल में 35 युवाओं सहित 47 अभ्यर्थियों को बूंदी जिला आवंटित किया गया है।
गुरुवार तक टाइगर रिजर्व के कोर में 15 में से 14 ने जबकि प्रादेशिक वनमंडल में 35 में से 22 ने जोइनिंग दे दी है। नए भर्ती वनरक्षकों को जंगलों के वातावरण से रूबरू करवाने के लिए विभाग ने ट्रेकिंग भी शुरू करवा दी है। गुरुवार को नए भर्ती वनकर्मियों ने देवझर, सथूर व रामगढ़ विषधारी अभयारण्य के जंगलों में पैदल ट्रेकिंग की तथा बूंदी की जैवविविधता व भौगोलिक स्थिति की जानकारी ली।
महिलाओं की संख्या ज्यादा, बूंदी के 14 युवाओं को भी मिला मौका जिले को मिले वनरक्षकों में महिलाओं की संख्या अधिक है। 47 में से 31 महिला व 16 पुरुष अभ्यर्थियों को बूंदी में नियुक्ति दी गई है। इसी प्रकार जिले के 14 अभ्यर्थी भी अपने जिले में ही वनरक्षक बनने में सफल रहे हैं। कुछ वर्गों की भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगने से प्रदेश में 941 वनरक्षकों के पदों नियुक्ति ओर होगी जिससे उम्मीद है कि जिले को कुछ दिन में फिर से नए वनरक्षक मिलेंगे।
नए भर्ती वनरक्षकों को वननाकों व चौकियों पर नियुक्त किया जा रहा है। जिससे टाइगर ट्रेकिंग व जंगल गश्त में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे।
संजीव शर्मा, उपवन संरक्षक एवं उपक्षेत्र निदेशक (कोर) रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व,बूंदी
जिले में जिन क्षेत्रों में सघन वनक्षेत्र व वन्यजीवों की अधिकता है उन वननाकों व चौकियों पर नए वनरक्षकों का पदस्थापन किया जा रहा है जिससे जंगलों में गैरवानीकी गतिविधियों पर अंकुश लगेगा।
ओमप्रकाश जांगिड़, उपवन संरक्षक, प्रादेशिक वन (बफर) रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व,बूंदी
जिले में वन रक्षकों के खाली पद भरने से वन एवं वन्यजीव सुरक्षित होंगे और नए बने टाइगर रिजर्व में बाघों सहित अन्य वन्यजीवों की प्रभावी मोनिटरिंग हो सकेगी।
पृथ्वी सिंह राजावत, पूर्व मानद वन्यजीव प्रतिपालक बूंदी