काली काली आंखों के फंदे क्यों डाले, हमे जिंदा रहने दे हे मुरली वाले…video
करवर. कस्बे में रविवार रात को श्रीश्याम मित्र मंडल व ग्राम वासियों के तत्वावधान में श्याम कीर्तन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्याम बाबा के छप्पन भोग लगाया गया तथा पुष्प वर्षा की गई।
श्याम भजन संध्या की शुरुआत नगर फोर्ट से आए आचार्य ओमप्रकाश शर्मा ने गणेश वंदना के साथ की। आचार्य ने एक बार तो हाथ उठा लो मेरे हनुमान के लिए…यो दास आ गयो शरण में आदि भजन की प्रस्तुतियां देकर श्याम प्रेमियों का मन मोह लिया।
इसके बाद दूनी से आए गौतम शर्मा ने हारे के सहारे आजा…मंगल भवन अमंगल हारी..दुनिया चले न श्रीराम के बिना…आयो सांवरियो सरकार नीले पे चढ़ के आदि भजन सुनाकर श्याम भक्तों को थिरकने पर मजबूर कर दिया।
जयपुर से आई सुरभि चतुर्वेदी ने काली-काली आखों के फंदे क्यों डाले…मेरा कोई न सहारा बिन तेरे…राधे राधे बोल श्याम आयेंगे…खाटू वाले खाटू वाले…श्याम मिलादे आदि भजन सुनाकर श्याम भक्तों को भाव विभोर कर दिया।
रात एक बजे आचार्य शर्मा ने बाबा की आरती के साथ श्याम कीर्तन का समापन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कस्बे सहित आस पास के गांवो से महिला पुरुष मौजूद रहे।