ग्रामीणों ने स्कूल के गेट पर 5 घंटे किया विरोध प्रदर्शन-video
सुवासा. तालेड़ा उपखंड के तीरथ में राउमावि में हो रही अनियमितताओं व प्रधानाचार्य को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बुधवार को स्कूल के गेट पर 5 घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। केशवरायपाटन थाना अधिकारी देवेश भारद्वाज की समझाइश व जिला माध्यमिक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र व्यास के व्यवस्था सुधारने का आश्वासन देने के बाद मामला शांत हुआ।
23 में से समय पर एक ही शिक्षक पहुंचा
सुबह 7 बजे से ही ग्रामीण कमलेश मीणा, हरिप्रकाश प्रजापत, भैरूलाल, जगदीश मीणा, ब्रह्मानंद मीणा सहित काफी संख्या में ग्रामीण स्कूल के गेट पर जमा हो गए। स्कूल समय 7.30 बजे तक एक अध्यापक ही समय पर पहुंचा। बाकी 9 अध्यापक लेट पहुंचे। प्रधानाचार्य भी समय पर नहीं पहुंची थी। इससे नाराज ग्रामीण धरना देकर स्कूल के मुख्य गेट पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। देखते ही देखते स्कूल के गेट के बाहर काफी लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद केशवरायपाटन पुलिस थाना अधिकारी देवेश भारद्वाज पहुंचे और ग्रामीणों से बात की। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल की समस्याओं की प्रधानाचार्य से शिकायत करने पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता। प्रधानाचार्य को हटाने की मांग की सूचना पर तालेड़ा खंड शिक्षा अधिकारी गोङ्क्षवद मीणा, जिला माध्यमिक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र व्यास भी तब तक आ चुके थे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और समस्या के समाधान करने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन खत्म हुआ।
जिला माध्यमिक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र व्यास ने बताया की प्रधानाचार्य को हटाना हमारे क्षेत्राधिकार में नहीं है। स्कूल की व्यवस्था सुधारने के लिए उप प्रधानाचार्य को अतिरिक्त चार्ज दे दिया गया है। जो अध्यापक लेट आ रहे थे, उनको कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए गए हैं। प्रधानाचार्य ममता बड़ोलिया ने बताया ग्रामीणों के आरोप झूठे हैं। अभी जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता चल रही है, इसमें स्टाफ लगा हुआ है। इसलिए स्टाफ की कमी है।