केशवरायपाटन. कोटा-दौसा मेगा हाइवे पर अरनेठा व आड़ा गेला बालाजी के बीच सोमवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर में मां-बेटे की मृत्यु हो गई।
थाना क्षेत्र के खलून्दा गांव निवासी गोबरी लाल कुम्हार की पत्नी मांगीबाई (50) व पुत्र चौथमल (30) कापरेन से दवा लेकर बाइक से गांव आ रहे थे। अरनेठा व आडा गेला बालाजी के बीच सामने से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इस टक्कर में चौथमल सडक़ के बीच गिर गया, जबकि उनकी मां उछल कर ड्रेन में चली गई। हादसे के बाद कापरेन की ओर से आ रहे एक वाहन चालक ने गंभीर घायल समझ कर अपने वाहन से राजकीय सामुदायिक चिकित्सालय केशवरायपाटन पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
…और उसकी मां पानी में डूब गई
ड्रेन में गिरने के कारण मदद करने वाले को यह नहीं पता चल सका कि उसकी मां ड्रेन में बह रहे पानी में गिरकर डूब गई है। घटना के बाद जब किसी ने ड्रेन में महिला होने की जानकारी दी तो उसे पानी से निकाल कर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने उसे चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसे भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शवों को मोर्चरी में रखवाया। दोनों का पोस्टमार्टम मंगलवार को होगा। मृतक के पिता ने बताया कि उसके पुत्र के एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं। उसका छोटा पुत्र बूंदी में है। अचानक हुए हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। टक्कर के बाद वाहन चालक फरार है।