बूंदी. जिले में शुक्रवार को झमाझम बारिश होने से नदी-नाले उफन गए। ऐसे में जिले के आधा दर्जन मार्ग बंद हो गए है। बूंदी शहर में सुबह से बारिश की झड़ी लगी रही। शहर में सुबह आठ बजे हल्की बारिश के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ। दोपहर 11 बजे से 2 बजे तक तेज बारिश हुई।
उसके बाद भी रुक-रुक कर बरसात का क्रम चलता रहा। शहर की सडक़ों पर पानी जमा हो गया। लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। इसी प्रकार डाबी, लाखेरी, केशवरायपाटन, खटकड़, नमाना, बरूंधन, रामगंजबालाजी, हिण्डोली, तालेड़ा, कापरेन सहित कई जगह झमाझम बारिश हुई।
तेज बारिश के चलते गुढा बांध में पानी की आवक होने से दोपहर 3 बजे दो गेट खोल कर पानी की निकासी शुरू कर दी हैं। वहीं कैचमेंट क्षेत्र में पानी के लगातार आवक को देखते हुए शाम को दोनों गेटों की ऊंचाई 5 -5 फीट की गई है। जिससे मेज नदी में पानी उफान पर आ रहा है। इधर कोटा बैराज के गेट खुलने से स्टेट हाइवे 37 ए रोटेदा-मंडावरा के बीच बनी पुलिया जलमग्न पर पानी आ गया। वहीं बरधा बांध पर भी चादर चल गई। सुबह आठ से शाम पांच बजे बूंदी में 83, तालेड़ा में 14, के.पाटन में 18, इन्द्रगढ़ में 32, नैनवां में 13, हिण्डोली में 44 बारिश हुई। जिले में कुल 204 एमएम बारिश दर्ज की गई।
ये मार्ग रहे बंद
समीधी- करवर मार्ग
समीधी-उनियारा मार्ग
रायथल ऐबरा मार्ग
अकतासा -तालेड़ा मार्ग
नमाना-श्यामू मार्ग
नमाना-बरूंधन मार्ग
रोटेदा-मंडावरा मार्ग
बांसी-कालानला मार्ग