
बूंदी. कार्यक्रम में पुस्तिका का विमोचन के दौरान मौजूद शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर व अन्य। पत्रिका
बूंदी. शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि देश के युवाओं को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन में उतारना चाहिए। गुरुवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण करते हुए उन्होंने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि बच्चों को देश विरोधी शिक्षा देने वाली शिक्षण संस्थाओं को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उन पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान उन्होंने बूंदी के शिक्षकों व शिक्षाविदों द्वारा रचित पुस्तक ’हाड़ी रानी गमक’ का विमोचन भी किया। शिक्षा मंत्री ने छुआछूत और जातिवादी मानसिकता को पूरी तरह खत्म करने की जरूरत पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के मंदिर में सभी वर्गों का समान अधिकार है और यहां कोई ऊंचा या नीचा नहीं होता। समाज के पिछड़े और दलित वर्गों को मुख्यधारा में साथ लेकर चले।
साथ ही, देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी उत्पाद खरीदने पर जोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक ओमप्रकाश शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा रहे। मुख्य वक्ता के रूप में गौरव शर्मा ने अपने विचार रखे। समारोह को डाइट प्रधानाचार्य मीना चौधरी, कार्यक्रम संयोजक व उप प्रधानाचार्य राजेन्द्र कुमार शर्मा और पूर्व जिलाध्यक्ष कुंजबिहारी बील्या ने भी संबोधित किया। संचालन दीपक शर्मा और जयप्रकाश त्रिपाठी ने किया।
सरकारी स्कूलों में कराओं बच्चों का प्रवेश
मंत्री दिलावर ने अपने उद्बोधन में राजकीय विद्यालयों की शिक्षा प्रणाली को निजी स्कूलों से बेहतर बताते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों का प्रवेश सरकारी स्कूलों में कराने की अपील की। उन्होंने शिक्षकों को भी निर्देश दिए कि वे अपने आचरण को आदर्श बनाएं, ताकि बच्चों को संस्कारवान शिक्षा मिल सके।
बच्चों पर अधिक ध्यान देने की जरूरत
शिक्षा मंत्री ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा केवल विद्यालय के भरोसे नहीं दी जा सकती। इसके लिए घर पर भी एक अच्छा शैक्षिक वातावरण होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले अधिकांश बच्चे गरीब और पिछड़े तबके से आते हैं, जिन पर अतिरिक्त ध्यान देने की आवश्यकता है। शिक्षकों को चाहिए कि वे इन बच्चों की पारिवारिक पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए उन्हें भावनात्मक और शैक्षिक संबल प्रदान करें।
होनहारों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मंत्री दिलावर ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाली छात्राओं का हौंसला बढ़ाते हुए सम्मानित किया। मंत्री ने रिदिमा जांगिड़, अंशिका राठौर व शिक्षा गौत्तम को माला पहनाकर सम्मानित किया।
शिक्षा मंत्री को शिक्षकों की समस्या से कराया अवगत
बूंदी. शिक्षा एवं पचायती राज मंत्री मदन दिलावर से शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर समस्याओं के समाधान की मांग का ज्ञापन सौंपा। अखिल राजस्थान प्रबोधक संघ के पदाधिकारी जिलाध्यक्ष नूतन तिवारी की अगुवाई में मंत्री से मिले और प्रबोधकों की लंबित मांगे, पुरानी सेवा की गणना, सम्मानजनक पदोन्नति आदि मांगों के संबंध में ज्ञापन दिया गया।
उपाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा व मकसूद रजा अंसारी ने बताया कि लंबे समय से प्रबोधक अपनी मांगों को पूरा होने का इंतजार कर रहे है। साथ ही पैरा टीचर्स काल की सेवा को प्रबोधक सेवा में जोड़ा जाएं,ताकि प्रबोधकों को पुरानी पेंशन का वास्तविक लाभ मिल सके एवं पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न हो। इस दौरान सभा अध्यक्ष दशरथ शर्मा, बूंदी ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, अमर ङ्क्षसह आदि मौजूद रहे।
इधर, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) द्वारा जिलाध्यक्ष बुद्धिप्रकाश शर्मा की अगुवाई में मंत्री का अभिनंदन कर समस्याओं से अवगत कराया। संगठन के प्रतिनिधिमंडल द्वारा संगठन का कैलेंडर और नववर्ष पत्रक देकर संगठन के नवीन स्वरूप से अवगत करवाया गया। इस दौरान संभाग संयुक्त मंत्री अनिल सामरिया, मीडिया प्रभारी सुरेश बैरागी, जिला सभाध्यक्ष लक्ष्मीकांत शर्मा, जिलामंत्री अंकित गौतम आदि
मौजूद रहे।
Updated on:
27 Mar 2026 04:28 pm
Published on:
27 Mar 2026 04:26 pm
बड़ी खबरें
View Allबूंदी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
