
बडाखेडा. जाडला गांव के 2 किलोमीटर दूर हैडपंप पर पानी भरते हुए
बडाखेड़ा. क्षेत्र के जाड़ला गांव के हालात केवल एक समस्या नहीं, बल्कि एक गंभीर जन-स्वास्थ्य संकट की तस्वीर पेश करते हैं। गांव के पानी में फ्लोराइड की अत्यधिक मात्रा ने स्थानीय जल स्रोतों को पीने योग्य नहीं छोड़ा है, जिससे ग्रामीणों का जीवन रोजाना की जद्दोजहद बन गया है।
गांव के लोग मजबूरी में करीब दो किलोमीटर दूर सड़क किनारे लगे हैंडपंप से पानी लाने को विवश हैं, या फिर नदी का सहारा लेना पड़ रहा है। सुबह-शाम महिलाओं और पुरुषों को पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। सिर पर मटके और मोटरसाइकिल पर प्लास्टिक की जरकीन को उठाए ये लोग तपती धूप, हर मौसम में इसी संघर्ष से गुजर रहे हैं। सबसे ज्यादा असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है।
जहां एक ओर महिलाओं का अधिकांश समय पानी लाने में ही बीत जाता है, वहीं बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। फ्लोराइड युक्त पानी के कारण स्वास्थ्य समस्याएं जैसे दांतों का पीला पडऩा, हड्डियों में दर्द और अन्य गंभीर बीमारियां भी बढ़ने लगी हैं। ग्रामीणों की मांग है कि जल्द से जल्द शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाए,चाहे वह नई पाइपलाइन के माध्यम से हो, आरओ प्लांट लगाया जाए या फिर टैंकरों के जरिए नियमित पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जाए।
आरओ प्लांट लगाने की मांग
पेयजल संकट और फ्लोराइड युक्त पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने गांव में आरओ लागाने की मांग की है। ग्रामीण प्रेम शंकर, गिरिराज मीणा, भोला, भगवान मीणा, महावीर मीणा सहित अन्य लोगों का कहना है की पेयजल की स्थायी व्यवस्था के लिए आरओ प्लांट बेहद जरूरी है ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ पानी मिल सके।
बंजारा बस्ती में पेयजल सप्लाई शुरू करवाई
इंद्रगढ़. नगरपालिका क्षेत्र के बंजारा बस्ती में करीब 15 दिनों से नलों में पानी नहीं टपक रहा था, जिससे बंजारा बस्ती के महिला पुरुष परेशान हो रहे थे। जबकि बंजारा बस्ती के लोग जलदाय विभाग के अधिकारियों से समस्या का समाधान करने की गुहार लगा चुके थे, लेकिन जलदाय विभाग के अधिकारी बंजारा बस्ती के लोगों की समस्या को नजरअंदाज कर रहे थे। बंजारा बस्ती के लोगों की समस्या को देखते हुए राजस्थान पत्रिका में खबर को प्रमुखता से 6 मई के अंक में प्रकाशित करने के बाद एक ही दिन में जलदाय विभाग के अधिकारी व कर्मचारी हरकत में आए और बंजारा बस्ती के लोगों के लिए पेयजल सप्लाई सुचारू की। जहां पेयजल पाइपलाइन नहीं है वहां टैंकर से पेयजल सप्लाई करवाई। बंजारा बस्ती में पेयजल सप्लाई के लिए जलदाय विभाग ने नई पाइपलाइन डालने का कार्य तेज कर दिया है। 2 दिन में जलदाय विभाग द्वारा बंजारा बस्ती में नई पाइपलाइन से पेयजल सप्लाई देने का आश्वासन दिया है।
खबर प्रकाशित होने के बाद बंजारा बस्ती में पेयजल सप्लाई दे दी गई है और जहां नल कनेक्शन नहीं है वहां पर पानी के टैंकरों से सप्लाई करवा दी गई है। बंजारा बस्ती के पेयजल सप्लाई के लिए पाइपलाइन डलवाने का कार्य पूरा हो चुका है। लाइन मिलान का सारे चल रहा है एक-दो दिन में बंजारा बस्ती में सुचारू रूप से पेयजल सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
महावीर कुमावत, कार्यवाहक सहायक अभियंता, जलदाय विभाग लाखेरी
Published on:
07 May 2026 04:50 pm
बड़ी खबरें
View Allबूंदी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
