नैनवां। जोधपुर के बिलाड़ा के पास शनिवार सुबह बस से कुचलने से तीन महिला पदयात्री की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं नैनवां क्षेत्र की है। रिश्ते में वे ननद-भाभी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनवां की शिवपुरी कॉलोनी निवासी बादाम बाई [35] पत्नी राजेश और उसकी भाभी खोडी गांव निवासी आशा बाई [40] पत्नी भोमा गत 13 अगस्त को खोडी गांव से रामदेवरा के लिए पदयात्रियों के साथ रवाना हुई थी। जयपुर से आ रही एक निजी बस ने शनिवार तड़के जोधपुर जिले के बिलाड़ा थाना क्षेत्र में खारिया मीठापुर के निकट उनके जत्थे के पैदल यात्रियों को कुचल दिया। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक पुरुष और तीन महिलाओं को गंभीर चोटे आई। हादसे की सूचना पर बिलाड़ा थाना प्रभारी घेवरराम एवं पुलिस उप अधीक्षक राजवीर सिंह चंपावत घटनास्थल पर पहुंचे और सभी घायलों को बिलाड़ा के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने आशा और बादाम बाई तथा देवली निवासी प्रेम बाई को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल हिण्डोली की चेता निवासी मनभर [30] और नैनवां के सुवासरा निवासी नेराजी का उपचार शुरू किया गया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद दोपहर को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
मन्नत पूरी होने से पदयात्रा पर गई थी
मृतका बादाम बाई के पति राजेश ने बताया कि बादाम बाई ने मन्नत मांगी थी। मन्नत पूरी होने से वह अपने पीहर वालों के साथ पैदल रामदेवरा दर्शन के लिए गई थी। हादसे की जानकारी शनिवार सुबह फ ोन से मिली।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बादाम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बादाम के एक पुत्री और दो पुत्र है। बादाम का शव आने के इंतजार में पड़ोसी व रिश्तेदार मकान के बाहर शोकमग्न बैठे थे। तीनों मासूम घर के बाहर गुमसुम बैठे थे।