
बूंदी. बायपास रोड पर ट्रक यूनियन के पास नगरपरिषद की जगह पर लगे कचरे के ढेर।
बूंदी. शहर में प्रवेश के दौरान ही पता लग जाता है कि यहां गंदगी व्याप्त है। प्लास्टिक की थैलियां चारों ओर उड़ती हुई नजर आई। जब शहर के प्रवेश के दौरान ही यह हाल है तो अंदर की स्थिति खुद ही पता चल जाती है। यह बात स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एम्बेसडर के के गुप्ता ने मंगलवार को सर्किट हाउस में कही। गुप्ता ने कहा कि उनका 22 वें जिले के रूप में भ्रमण है, लेकिन सफाई व्यवस्था की स्थिति सही नहीं है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का स्वच्छ भारत मिशन अभियान यहां सफल नहीं हो पाया है। जहां नजर डालो वहीं गंदगी नजर आ रही है। इस बारे में वह मुख्यमंंत्री को भी रिपोर्ट भेजेंगे। उन्होंने बताया कि यहां कर्मचारियों व अधिकारियों में सफाई के प्रति इच्छाशक्ति नहीं है। सफाई में फण्ड से अधिक इच्छा शक्ति व जिम्मेदारी निर्वहन की आवश्यकता होती है।
सफाई के लिए डोर टू डोर कचरा संग्रहण की आवश्यकता होती है, जहां यहां कागजों में चल रहा है। वहीं बाजार एवं व्यावसायिक क्षेत्र में रात्रि में सफाई व्यवस्था को सुचारू करना चाहिए। सुलभ कॉम्प्लैक्स की नियमित रूप से साफ सफाई होनी चाहिए। खाली भूखण्ड में कचरा एकत्र नहीं हो, ऐसा होने पर नगर निकाय को जुर्माना करना चाहिए। इस दौरान कार्यवाहक आयुक्त आशा मीना भी मौजूद रही।
जनप्रतिनिधियों ने की शिकायत
निवर्तमान प्रतिपक्ष नेता मुकेश माधवानी, निवर्तमान पार्षद मनीष सिसोदिया, प्रेम प्रकाश एवरग्रीन, महावीर खंगार, शक्ति तोषनीवाल आदि ने गुप्ता को बताया कि कई सुलभ कॉम्प्लैक्स पर अतिक्रमण हो चुका है। ठेकेदार को सफाई कार्य का सत्यापन करवाए बिना ही भुगतान किया जा रहा है। शहर में कई दिन से कचरा नहीं उठ रहा है। अधिकारी चैम्बर से बाहर ही नहीं निकलते है। ऐसे में सफाई होना संभव नहीं है।
धरना प्रदर्शन के बाद भी नहीं चेते
निवर्तमान पार्षद मनीष सिसोदिया ने बताया कि उनके वार्ड स्थित बालचंद पाड़ा में नियमित सफाई करवाने एवं कचरा पॉइंट हटवाने के लिए धरना प्रदर्शन तक करना पड़ा, फिर भी अधिकारियों के कान पर जूं तक
नहीं रेंगी।
अनिश्चित कालीन धरने की चेतावनी
नगरपरिषद बूंदी द्वारा पुराने ट्रक यूनियन परिसर में कचरा डाला जा रहा है। इससे बार बार आगजनी हो रही है, जबकि यह कचरा पॉइंट जगह नहीं है और विकास नगर, गुरु नानक कॉलोनी में है, जिससे पूरे इलाके में गंदा धुआं चारों ओर में फैल जाता है। यहां पर मत्स्य भगवान का मंदिर, देव नारायण भगवान का मंदिर, बैरवा समाज का मंदिर, गुरुद्वारा भी है और आस पास 2 स्कूल भी है। इसका 24 घंटे में स्थाई समस्या का समाधान नहीं करने पर अनिश्चित कालीन धरने पर बैठने की जिला कलक्टर को चेतावनी दी गई है।
बूंदी में गंदगी कई वर्षों की समस्या है। पांच दिन में नहीं सुधर सकती है। सभी का सहयोग आवश्यक है।
आशा मीना, कार्यवाहक आयुक्त, नगर पषिद बूंदी
Updated on:
18 Mar 2026 11:32 am
Published on:
18 Mar 2026 11:31 am
बड़ी खबरें
View Allबूंदी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
