9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आर्ट गैलरी में सजी दो साल की उपलब्धियों की प्रदर्शनी, अधिकारियों ने सराहा

राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवार को भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए।

2 min read
Google source verification

बूंदी

image

pankaj joshi

Dec 17, 2025

आर्ट गैलरी में सजी दो साल की उपलब्धियों की प्रदर्शनी, अधिकारियों ने सराहा

बूंदी. आर्ट गैलेरी में लगी प्रदर्शनी को देखते जिला कलक्टर, सभापति, भाजपा जिलाध्यक्ष व अन्य।

बूंदी. राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवार को भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय की ओर से आर्ट गैलरी में आयोजित की जा रही तीन दिवसीय ’जिला विकास प्रदर्शनी’ का जिला कलक्टर अक्षय गोदारा ने फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया।

इस दौरान उन्होंने जिले में बीते दो वर्षों में हुए बदलाव और विकास कार्यों की सराहना करते हुए इसे आमजन के लिए प्रेरणादायक बताया। वहीं जिलेभर के सरकारी दफ्तरों की तस्वीर बदली नजर आई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने सुबह एक घंटे तक हाथों में झाड़ू थामी और अपने कार्यालय परिसरों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में नगरपरिषद सभापति सरोज अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामकिशोर मीणा, सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी अनुप्रिया व राजकुमार शृंगी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला कलक्टर ने सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय द्वारा प्रकाशित ’जिला विकास पुस्तिका’ का विमोचन भी किया। पुस्तिका में बीते दो सालों में बूंदी जिले में हुए विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का समावेश किया गया है।

फ्लैक्स पैनल्स पर उकेरी गई विकास की कहानी
आर्ट गैलरी में प्रवेश करते ही फ्लेक्स पैनल बोर्ड के माध्यम से राज्य और बूंदी जिले की प्रगति की कहानी बयां की गई है। प्रदर्शनी में पिछले दो वर्षों के दौरान आधारभूत ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में हुए कार्यों को बेहद आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। जिला कलक्टर ने एक-एक पैनल का बारीकी से अवलोकन किया और प्रदर्शित चित्रों के माध्यम से दर्शाई गई विकास यात्रा की प्रशंसा की।

गरड़दा मॉडल को मिली सराहना

प्रदर्शनी परिसर में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा अपनी उपलब्धियों को दर्शाने के लिए स्टॉल लगाए गए हैं। इसमें जयपुर विद्युत वितरण निगम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, आयुर्वेद, शिक्षा, महिला अधिकारिता, स्वच्छ भारत मिशन, जिला मत्स्य विकास परियोजना और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने अपने स्टॉल के माध्यम से विभागीय प्रगति का प्रदर्शन किया। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा तैयार किया गया ’गरड़दा पेयजल एवं सिंचाई परियोजना’ का मॉडल प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण बना रहा। आमजन और अतिथियों ने इस मॉडल को खूब सराहा। कलक्टर अक्षय गोदारा ने प्रत्येक स्टॉल पर जाकर वहां मौजूद अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और जनता को मिल रहे लाभ के बारे में जानकारी ली।