11 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bundi : करोड़ों रुपए की लागत से बने फ्लैट्स बने ‘कबूतरखाना’

मुख्यमंत्री जन आवास योजना 2015 के अंतर्गत बूंदी में आदर्श विद्या मंदिर स्कूल के पीछे नगरपरिषद द्वारा बनाए गए फ्लैट्स का आवंटन लाभार्थियों को अब तक नहीं किया गया है, जबकि अधिकांश परिवारों ने वर्ष 2018, 2019 और 2020 में अपना पूरा भुगतान जमा करवा दिया था।

2 min read
Google source verification
Bundi : करोड़ों रुपए की लागत से बने फ्लैट्स बने ‘कबूतरखाना’

बूंदी. मुख्यमंत्री आवास योजना के बने फ्लैट्स।

बूंदी. मुख्यमंत्री जन आवास योजना 2015 के अंतर्गत बूंदी में आदर्श विद्या मंदिर स्कूल के पीछे नगरपरिषद द्वारा बनाए गए फ्लैट्स का आवंटन लाभार्थियों को अब तक नहीं किया गया है, जबकि अधिकांश परिवारों ने वर्ष 2018, 2019 और 2020 में अपना पूरा भुगतान जमा करवा दिया था। कई लोगों ने बैंक लोन लेकर और ब्याज पर पैसा उठाकर फ्लैट्स की राशि जमा करवाई, लेकिन आज भी वे किराए के मकानों में रहने को मजबूर हैं और साथ ही लोन की किस्तें भी चुका रहे हैं।

अधिकारियों द्वारा अनदेखी करने पर फ्लैट्स धारकों की बैठक आवास योजना परिसर में आयोजित की गई, जिसमें लगभग 100 से अधिक लाभार्थी उपस्थित रहे। बैठक में सभी परिवारों ने अपनी-अपनी पीड़ा और समस्याएं साझा की। कई परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हैं। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नगरपरिषद की लगातार उदासीनता और फ्लैट्स आवंटन में हो रही देरी के विरोध में अब सभी लाभार्थी एकजुट होकर आंदोलनात्मक कार्रवाई करेंगे। फ्लैट्स धारकों ने निर्णय लिया है कि 14 मई गुरुवार को जिला कलक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

आज स्थिति यह है कि करोड़ों रुपए की लागत से बने ये फ्लैट्स ‘‘कबूतरखाना’’ बन चुके हैं। वर्ष 2018 में आधा-अधूरा निर्माण होने के बाद से वहां कोई कार्य नहीं हुआ। भवनों की हालत लगातार खराब होती जा रही है कई जगह प्लास्टर टूट चुका है, रेङ्क्षलग क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, मार्बल उखड़ चुके हैं, गेट चोरी हो चुके हैं, पानी और अन्य व्यवस्थाएं पूरी तरह खराब हो चुकी हैं। रात के समय वहां अवैध गतिविधियां होने लगी हैं और असामाजिक तत्वों का कब्जा बढ़ता जा रहा है।


लाभार्थियों का कहना है कि जब उनका पूरा पैसा नगरपरिषद में जमा हो चुका है तो उन्हें उनका अधिकार और आवास तुरंत मिलना चाहिए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आगे जनसंपर्क पोर्टल, जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के स्तर पर भी लगातार आंदोलन और घेराव किए जाएंगे।

इस बैठक में शिव लहरी गौतम, संदीप चतुर्वेदी, प्रमोद वर्मा, अजय सिंह, अंकित शर्मा, गिर्राज शर्मा, संतोष प्रकाश, हेमराज सैनी, गुरमीत सिंह, कैलाश चंद्र स्वर्णकार सहित बड़ी संख्या में फ्लैट्स धारक उपस्थित रहे। इधर, मामले को लेकर नगरपरिषद की कार्यवाहक आयुक्त आशा मीना से सम्पर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिला।