scriptसौंदर्यकरण के लिए लाखों रुपए खर्च किए, अब नहीं हो रही सार संभाल | Patrika News
बूंदी

सौंदर्यकरण के लिए लाखों रुपए खर्च किए, अब नहीं हो रही सार संभाल

शहर में सौंदर्यकरण के नाम पर नगरपालिका प्रशासन द्वारा लाखों रुपए का बजट खर्च किया जा रहा है।

बूंदीMay 18, 2025 / 06:25 pm

पंकज जोशी

सौंदर्यकरण के लिए लाखों रुपए खर्च किए, अब नहीं हो रही सार संभाल

कापरेन शहर के लाखेरी बायपास मेगा हाइवे पर टूटा हुआ सेल्फी पॉइंट व क्षतिग्रस्त दीवार

कापरेन. शहर में सौंदर्यकरण के नाम पर नगरपालिका प्रशासन द्वारा लाखों रुपए का बजट खर्च किया जा रहा है। सौंदर्यकरण के लिए पालिका प्रशासन द्वारा लाखो रुपये खर्च कर शहर के बायपास तिराहों को विकसित किया गया, वहीं अटल सरोवर पर भी लाखों रुपए खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन इनकी उचित देखरेख नही होने से कबाड़ के रूप में बदलते जा रहे है, जिससे शहरवासियों में पालिका प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्याप्त है। वहीं बजट के अभाव में आमजन की सुविधाओं के लिए नाली, सड़क, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास कार्य भी अटका हुआ है।
शहरवासियों का कहना है कि पालिका प्रशासन द्वारा शहर सहित नगरपालिका क्षेत्र में विकास कार्यो के नाम पर बजट का अभाव बताया जाता है। आबादी बसी कॉलोनियों में नाली निर्माण और आम रास्तों पर सीसी सड़के नहीं होने से आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वार्डवासी इसको लेकर कई बार विरोध जता चुके हैं और प्रदर्शन कर चुके हैं। वही शहर में सौंदर्यकरण के नाम पर पालिका प्रशासन द्वारा लाखों खर्च कर कार्य करवाए गए, लेकिन पालिका प्रशासन इनकी देखरेख करना भी भूल गए है, जिससे सौंदर्यकरण बिगड़ रहा है। शहर वासियों ने करवाए गए कार्यो की देखरेख और मरम्मत कार्य करवा कर सुरक्षित करवाने की मांग की है।
आई लव यू कापरेन सेल्फी पॉइंट हो रहे कबाड़
शहर के सौंदर्यकरण के लिए नगरपालिका प्रशासन द्वारा करीब डेढ़ साल पहले ही मेगा हाइवे पर कोटा व लाखेरी बायपास तिराहे और अटल सरोवर पर लगाए गए आई लव यू कापरेन के सेल्फी पोइंट बनाए गए और साइन बोर्ड लगाए गए थे। साइन बोर्ड लगाने के कुछ माह बाद ही हवा के झोंके के साथ उखड़ कर बिखर चुके हैं और सौंदर्यकरण की जगह कबाड़ के रूप में इधर उधर फैले हुए हैं, जो अब शहर की दुर्दशा को दिखा रहे हैं।
अटल सरोवर का बिगड़ रहा सौंदर्य
नगरपालिका उपाध्यक्ष हेमंत पंचोली, नेता प्रतिपक्ष जितेंद्र पापड़ीवाल ने बताया कि पिछले बोर्ड में पांच करोड़ की लागत से अटल सरोवर का सौंदर्यीकरण किया गया था और कोटा सरोवर की तर्ज पर सौंदर्यकरण के बाद शहर में अटल सरोवर सौंदर्य का प्रतीक बनकर उभरा था। काफी संया में शहरवासी सुबह, शाम घूमने आते थे, लेकिन नगरपालिका द्वारा समय समय पर उचित देखभाल नहीं की जाने से सरोवर अपनी आभा खोता जा रहा है।
अटल सरोवर में खरपतवार उगी हुई है और पेड़ पौधे, रोशनी, ट्रेक आदि की। व्यवस्था खराब होने से लोगो का यहां आने में रुझान कम हो गया है। हालात यह है कि दिन में भी अटल सरोवर की विद्युत लाइट जली नजर आती है। नेता प्रतिपक्ष जितेंद्र पापड़ीवाल ने बताया कि शिकायत के बावजूद इस पर ध्यान नहीं दिया गया है। गर्मी के दिनों में यहां आने वाले महिला, पुरुषों और बच्चों की भीड़ लगी रहती थी। वहीं अब सुनसान पड़ा रहता है। शहरवासियों ने अटल सरोवर की व्यवस्था में सुधार करने, सौंदर्यकरण सुधारने की मांग की है।
आधुनिक शौचालय दुर्दशा का शिकार
अटल सरोवर में करीब पैंतीस लाख रुपए की लागत से आधुनिक शौचालय बनाया गया था, जिसमें आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई थी। साथ ही निगरानी के लिए पालिका प्रशासन द्वारा कर्मचारी भी नियुक्त किए गए हैं। शहरवासियों का कहना है कि आधुनिक शौचालय दुर्दशा का शिकार हो रहा है। जगह जगह से क्षतिग्रस्त हो रहा है।टाइल उखड़ चुकी है और सुविधाएं नष्ट हो चुकी है। दरवाजे, खिड़कियां टूटे हुए हैं, जिससे शौचालय में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। शहरवासियों का कहना है कि शौचालय में लगातार असामाजिक तत्वों के प्रवेश करने की शिकायत मिलती है। लोकेश गौतम सफाई निरीक्षक नगरपालिका कापरेन ने बताया कि सौंदर्यकरण के कार्य को करवाए काफी समय बीत चुका है। आंधी, तूफान और मौसम बिगड़ने के दौरान नुकसान पहुंच जाता है। सेल्फी पॉइंट, आधुनिक शौचालय की देखरेख व अन्य कार्य शीघ्र करवाए जाएंगे।

Hindi News / Bundi / सौंदर्यकरण के लिए लाखों रुपए खर्च किए, अब नहीं हो रही सार संभाल

ट्रेंडिंग वीडियो