
नैनवां (बूंदी )। एनएच 148 डी पर कीरों का झोपड़ा के पास जीप व पिकअप भिड़ंत में जीप सवार दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों में हरमाली का खेड़ा निवासी दूल्हे की मां 48 वर्षीय शरमा बाई व चाची 30 वर्षीय जोधी बाई है। दूल्हा-दुल्हन, दूल्हे का पिता, चालक व पिकअप में सवार एक जना घायल हो गया।
हरमाली का खेड़ा निवासी दूल्हा 26 वर्षीय मुकेश, दुल्हन 23 वर्षीय सरोज, दूल्हे का पिता 50 वर्षीय रमेश, चालक ताकला निवासी 32 वर्षीय सुरेश व पिकअप में सवार एक जना खोडी निवासी 60 वर्षीय सोजी घायल हो गया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बूंदी रेफर कर दिया। दूल्हे मुकेश के सिर में चोट होने से बूंदी से कोटा रेफर कर दिया।
दबलाना थाना क्षेत्र के हरमाली का खेड़ा निवासी रमेश के पुत्र की 8 मई को ही हुई शादी हुई थी। रमेश शुक्रवार को जीप से परिवार के साथ दूल्हा-दुल्हन को चौथ का बरवाड़ा माताजी के ढोक लगाने जा रहे थे। जीप में पत्नी, छोटे भाई की पत्नी भी साथ थी। दोपहर 12 बजे एनएच 148 डी नैनवां के से दो किमी पहले कीरो का झोपड़ा के पास सामने से गोवंश से भरी पिकअप व जीप में भिड़ंत हो गई।
भिड़ंत से पिकअप में ले जा रहे एक गोवंश की भी मौत हो गई। दोनों वाहनों में हुई भिड़ंत के बाद हाइवे पर जाम लग गया। दोनों वाहनों की भिड़ंत की आवाज के बाद कीरो का झोपड़ा के लोग दौड़ पड़े। क्षतिग्रस्त जीप में बैठे लोग फंस गए, जिनको काफी मशक्कत के बाद निकाला जा सका। भिड़ंत के बाद पिकअप का चालक गाड़ी से उतरकर भाग गया।
एक सप्ताह पहले हुई पुत्र की शादी की खुशियों के बीच हरमाली का खेड़ा निवासी रमेश के परिवार पर ऐसा दुखों का पहाड़ टूट पड़ा कि हाइवे पर हुए हादसे के बाद खुशियों की जगह परिवार में मातम पसर गया। जैसे ही हादसे की सूचना मिली तो परिवार में क्रंदन मच गया व सदमे में आ गया।
परिवार के लोग नैनवां उपजिला चिकित्सालय में दौड़ पड़े। हादसे में घायल रमेश को अभी पता नहीं है कि उसकी जीवन संगिनी व छोटे भाई की जीवन संगिनी अब इस दुनिया में नहीं रही। हादसे के बाद से ही घायल दूल्हा मुकेश अचेत है। उसको बूंदी से कोटा रेफर किया जा चुका है। मुकेश को भी पता नहीं है कि उसकी मां व चाची इस दुनिया में नहीं रही।
Updated on:
16 May 2025 05:42 pm
Published on:
16 May 2025 05:42 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
