
फोटो: पत्रिका
Unique Mayra In Bundi: बूंदी में हिण्डोली क्षेत्र के दबलाना थाना पुलिस ने सामुदायिक जुड़ाव की अनूठी मिसाल पेश की। थाने में लंबे समय से साफ-सफाई का कार्य कर रही रानी बाई (गीता बाई वर्मा) के बेटे की शादी में पूरे थाना स्टाफ ने मायरा (भात) भरकर सहयोग किया। पुलिसकर्मियों ने रानी बाई को अपनी बहन मानते हुए चुनरी ओढ़ाई और 21,000 रुपए का नेग भेंट किया।
जानकारी के अनुसार रानी बाई कई वर्षों से दबलाना थाना परिसर में साफ-सफाई का कार्य कर रही हैं। उनके समर्पण और सेवा भावना को देखते हुए थाना स्टाफ ने उनके परिवार की खुशी में सहभागी बनने का निर्णय लिया। बुधवार को दबलाना कस्बे के एक निजी रिसोर्ट में ओम प्रकाश के बेटे पंकज कुमार की शादी का आयोजन था। रानी बाई ने पूरे थाना स्टाफ को शादी का निमंत्रण दिया था।
शादी समारोह में प्रशिक्षु डीवाईएसपी निर्मला पांड्या, दबलाना थाना प्रभारी प्रिया व्यास सहित भंवर सिंह, बद्री लाल, महेंद्र वर्मा और अन्य पुलिसकर्मी शामिल हुए। सभी ने आपसी सहयोग से 21,000 रुपए एकत्रित किए और साड़ी, चुनरी सहित अन्य उपहार खरीदे।
समारोह स्थल पर जब पूरा थाना स्टाफ पहुंचा तो शादी में मौजूद मेहमान भी भावुक हो गए और ताली बजाने लगे। पुलिसकर्मियों ने पारंपरिक रीति-रिवाज से मायरे की रस्म निभाई। रानी बाई ने भी पुलिस अधिकारियों और जवानों का तिलक कर आरती उतारी और सभी को भोजन कराया।
Updated on:
19 Feb 2026 02:51 pm
Published on:
19 Feb 2026 02:42 pm
बड़ी खबरें
View Allबूंदी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
