
प्रतीकात्मक तस्वीर
बूंदी। जिले के डाबी थाना क्षेत्र में चर्चित सोनू सिंह हाड़ा हत्याकांड के मुख्य आरोपी अरमान मालिक उर्फ अरमान मोहम्मद के अवैध निर्माण पर बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जेसीबी चला दी। कड़ी सुरक्षा के बीच डाबी के बुधपुरा स्थित आरोपी के मकान को ध्वस्त किया गया। प्रशासन का कहना है कि आरोपी के पिता ने यह मकान अवैध रूप से बनाया था, जिसे पूर्व में नोटिस देने के बाद तोड़ा गया।
डाबी थाना प्रभारी हेमराज शर्मा के अनुसार 4 अगस्त 2025 की रात हुए नृशंस हत्याकांड की जांच में सामने आया था कि मुख्य आरोपी अरमान मोहम्मद की मृतक सोनू सिंह से पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते उसने तीन साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। करीब तीन महीने पहले अरमान ने कोटा निवासी आकाश उर्फ गोल्डी, आशीष उर्फ आशु राठौर और अनिल मीणा से संपर्क कर सोनू की हत्या के लिए एक लाख रुपए की सुपारी दी थी। इसमें 50 हजार रुपए पहले और शेष 50 हजार रुपए वारदात के बाद देना तय हुआ था।
जांच में यह भी सामने आया कि अरमान ने दोस्त की जन्मदिन पार्टी का बहाना बनाकर तीनों सुपारी किलर को डाबी बुलाया। वारदात को अंजाम देने के लिए कराड़ा के पराणा स्थित एक खाली स्टॉक यार्ड को चुना गया, जहां तीनों आरोपी पहले से छिपकर बैठे थे। जैसे ही सोनू वहां पहुंचा, गोल्डी और आशु ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसके बाद अरमान ने भी सोनू के गले पर चाकू से वार किया। गंभीर रूप से घायल सोनू को खून से लथपथ हालत में वहीं छोड़कर सभी आरोपी फरार हो गए।
यह वीडियो भी देखें
मृतक के बड़े भाई भंवर सिंह ने डाबी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सोनू धोरेला स्थित श्रीदेव धर्मकांटे पर काम करता था और डाबी में किराए पर रहता था। 4 अगस्त की रात सोनू की पत्नी ने उसका फोन बंद आने की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन उसकी तलाश में निकले। कराड़ा के पराणा गांव स्थित यार्ड में सोनू खून से लथपथ मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस हत्याकांड के बाद पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था।
Published on:
18 Feb 2026 04:28 pm
