
करवर. करवर स्थित चिकित्सालय में घायल बालिका।
बूंदी. करवर. करवर-देई सडक़ मार्ग पर पीपरवाला गांव के समीप करवर स्थित परीक्षा सेंटर से दसवीं बोर्ड परीक्षा का पेपर देकर घर लौटते समय एक सडक़ हादसे का शिकार हुए चार मासूम बच्चों के लिए नैनवां तहसीलदार रामराय मीणा मददगार बनकर सामने आए। उन्होंने अपनी सरकारी गाड़ी से घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाकर समय पर इलाज उपलब्ध कराया। हालांकि गंभीर चोटें होने के कारण चिकित्सकों ने इलाज के बाद बच्चों को रैफर कर दिया।
जानकारी अनुसार फटुकड़ा गांव निवासी छात्रा मनीषा (16), मनीषा (17), छात्र कविराज (17) व खजुरा गांव निवासी छात्रा मोनिका (17) दसवीं बोर्ड का पेपर देकर एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर जा रहे थे। इसी दौरान पीपरवाला गांव के समीप मोटरसाइकिल असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे चारों सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बच्चे दर्द से कराह रहे थे। घटना के बाद ग्रामीण भी घटना स्थल पर पहुंच गए।
इसी बीच यहां से नैनवा तहसीलदार मीणा गुजर रहे थे। सडक़ पर घायल बच्चों को देख तहसीलदार मीणा ने अन्य किसी वाहन का इंतजार करने के बजाय चारों घायल बच्चों को अपनी सरकारी कार में बैठाया और तुरंत करवर चिकित्सालय लेकर पहुंच गए। रास्ते से ही करवर थाना पुलिस को भी सूचना दी, जिस पर पुलिस भी चिकित्सालय पहुंच गई। चिकित्सकों की टीम ने तुरंत बच्चों का उपचार शुरू कर दिया।तथा गंभीर चोटें होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को रेफर किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि बच्चों के सिर सहित अन्य जगह पर चोटें आई है। जांच के बाद पता चला कि दो बालिकाओं के हाथ में फ्रैक्चर भी आया है। इधर हादसे की खबर मिलते ही बच्चों के परिजन अस्पताल पहुंचे। तथा बच्चों को घायल अवस्था में देख परिजन रो पड़े।
एंबुलेस सुविधा नहीं मिली
करवर स्थित चिकित्सालय में एंबुलेंस होने के बाद भी घायल बच्चों को एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिलने पर यहां पहुंचे भाजपा नेताओं ने नाराजगी जताई है। भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष चौथमल सैनी, मंडल अध्यक्ष रेखराज मीणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष मुकेश ङ्क्षजदल आदि ने बताया कि सरकार चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने के लगातार प्रयास कर रही है। और इधर करवर चिकित्सालय में एंबुलेंस होने के बावजूद एंबुलेंस चालक के अभाव में शोपीस बनकर खड़ी हुई है। रैफर मामलो में घायलों को एम्बुलेंस में लेकर जाने में चिकित्सालय में ही सुविधा मिल जाती है। तथा घायल समय पर उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंच जाते है। उन्होंने जल्द एम्बुलेंस सुविधा शुरू कराने की मांग रखी है।
चिकित्सालय में एम्बुलेंस की सुविधा सभी मरीजों को मिल रही है। कुछ दिन पहले चालक ने काम छोड़ दिया था। जिसके चलते चालक की परेशानी बनी हुई है। नई टेंडर प्रक्रिया हो गई है। जल्द एम्बुलेंस को चालक मिल जाएगा। जिसके बाद एम्बुलेंस सुविधा शुरू हो जाएगी।
जितेंद्र वर्मा, चिकित्सा प्रभारी, करवर
Updated on:
18 Feb 2026 11:43 am
Published on:
18 Feb 2026 11:42 am
