18 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Dholpur Road Project: आखिरकार जयपुर से मिली हरी झंडी, अब चमचमाएंगी धौलपुर की सड़कें, खर्च होंगे 10 करोड़

धौलपुर शहर की जर्जर सड़कों के दिन अब बदलने वाले हैं। नगर परिषद ने 27 सड़कों के नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।

3 min read
Google source verification
road project, road project in dholpur, dilapidated road, dilapidated road in dholpur, road construction in dholpur, dholpur news, Rajasthan news, रोड प्रोजेक्ट, रोड प्रोजेक्ट इन धौलपुर, जर्जर सड़क, जर्जर सड़क इन धौलपुर, सड़क निर्माण इन धौलपुर, धौलपुर न्यूज, राजस्थान न्यूज

फाइल फोटो- पत्रिका

धौलपुर। शहर की खस्ताहाल सड़कों की दुर्दशा सुधरने का काउंटडाउन प्रारंभ हो चुका है। नगर परिषद ने शहर की मुख्य और कॉलोनियों में स्थित जर्जर 27 सड़कों के निर्माण को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग जल्द ही सड़कों के निर्माण को लेकर वर्क ऑर्डर भी जारी करने वाला है।

शहर की खस्ताहाल सड़कों की हालत किसी से छिपी नहीं है। यहां सड़कें कम और गड्ढे ज्यादा मिलते हैं, जिनमें आए दिन वाहन चालकों सहित राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर की कई मुख्य सड़कें तो विलुप्त तक हो चुकी हैं, लेकिन अब जल्द ही शहरवासियों को इन जर्जर सड़कों से छुटकारा मिलने वाला है। नगर परिषद के अनुसार 27 सड़कों का परिषद नवीनीकरण कराने जा रहा है।

टेंडर प्रक्रिया भी पूरी

इन जर्जर सड़कों पर लगभग 10 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। सड़कों के नवीनीकरण को लेकर टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, जिसका कॉन्ट्रेक्ट राम हरि कंस्ट्रक्शन को दिया गया है। सड़क निर्माण को लेकर एलओए भी जारी कर दिया गया है। यानी अब बस कुछ ही दिनों में शहर की जर्जर 27 सड़कों के निर्माण को लेकर वर्क ऑर्डर जारी कर दिया जाएगा, जिसके बाद कंपनी अपना कार्य प्रारंभ कर देगी। इन सड़कों का सीसी निर्माण किया जाएगा।

इन सड़कों की हालत ज्यादा खराब

शहर के किसी भी एरिया की किसी सड़क पर चले जाएं, आप वहां हिचकोले ही खाएंगे। हालात यह हैं कि जर्जर सड़कें जहां वाहन चालकों को चोटिल कर रही हैं, वहीं उनसे उड़ने वाला धूल का गुबार शहरवासियों को बीमारियां परोस रहा है। शहर में सबसे ज्यादा खराब हालत गौरव पथ, जगन तिराहा, हरदेव नगर, भामतीपुरा, जेल रोड, पुराना शहर, बजरिया, सराय, आरएसी लेन, राजाखेड़ा रोड, काली माई रोड, कचहरी रोड, मोदी तिराहा और गडरपुरा रोड की है।

एक साल से अटकी जयपुर फाइल

नगर परिषद ने शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत एवं नवीनीकरण कराने का प्रस्ताव तैयार कर एक साल पहले ही जयपुर स्थित स्वायत्त शासन विभाग को भेज रखा था, जो डीएलबी में अटका पड़ा था। बीते साल सीएम कार्यक्रम के दौरान लोगों ने जिला प्रभारी मंत्री के समक्ष मामला उठाया। इसके बाद डीएलबी से क्लियरेंस मिलने पर सड़कों के नवीनीकरण कार्य को स्वीकृति दी गई। अब जल्द ही सड़कों का निर्माण कार्य भी प्रारंभ कर दिया जाएगा। नगर परिषद शहर की इन सड़कों का निर्माण सीसी के रूप में कराएगा।

नाले दिलाएंगे जलभराव से मुक्ति

एक ओर जहां शहर की जर्जर सड़कों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा, वहीं परिषद ने जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए 6 पक्के ड्रेनेज नालों का भी निर्माण कराया जा रहा है। इन नालों का निर्माण ग्रेविटी ड्रेनेज पद्धति के आधार पर किया जा रहा है, जिससे बिना किसी पंपिंग के पानी अपने आप ढलान के सहारे निकल सकेगा। परिषद का दावा है कि नालों का निर्माण होने से 40 से 50 कॉलोनियों की जलभराव समस्या दूर हो जाएगी।

शहर में इन सड़कों का होगा नवीनीकरण

धौलपुर शहर में वाटर वर्क्स चौराहा से गौरव पथ होते हुए हरदेव नगर पुलिया तक, गुलाब बाग से पैलेस रोड होते हुए गांधी पार्क तक, तोप तिराहा से गडरपुरा मोड़ तक बजरिया रोड, हुण्डावाल रोड से नरेन्द्र हाउस होते हुए रामसेवक हाउस तक पुष्पांजलि सेकंड, राना मैरिज गार्डन से मोदी तिराहा होते हुए जगन चौराहा तक, फूटा दरवाजा से टाउन चौकी तक पुराना शहर, सिटी जुबली हॉल से इसरार खान हाउस तक संस्कार वैली रोड, राजाखेड़ा बाइपास से शिव सिंह की चक्की तक।

इसके साथ ही गोविंद वाटिका, सैंपऊ रोड केदार बघेला हाउस से अनार देवी हाउस तक लवली चिल्ड्रन स्कूल, हाईवे 11बी अनिल गर्ग हाउस से करन एन्कलेव कॉलोनी तक 132 केवी, हाईवे 44 से एमआरएफ फैसिलिटी डंपिंग यार्ड तक सागरपाड़ा, हाईवे 44 मचकुंड गेट से आईटीआई कॉलेज तक मचकुंड रोड, मचकुंड रोड आईटीआई कॉलेज से बाड़ी रोड तक, आईटीआई कॉलेज से करुणा कुशवाह हाउस तक सौ फुटा रोड, मुकेश कुशवाह हाउस से सौ फुटा रोड तक शहीद स्मारक मचकुंड रोड, मोटा शॉप से रामखिलाड़ी पंडित हाउस तक राठौर कॉलोनी, बच्चू सिंह गोस्वामी हाउस से हरिओम शर्मा गिरदावर हाउस तक।

वहीं दारा सिंह नगर, चंदेला हाउस से संजय शर्मा हाउस और सुरेन्द्र पीटीआई हाउस तक एमएल कोठी रोहिणी नगर, शारदे रोड से तुलसीराम हाउस तक स्ट्रीट्स ब्रह्मपुरी कॉलोनी, आंडेला रोड से प्रकाश कॉलेज होते हुए सुनील गौड़ हाउस तक, सैंपऊ रोड से राजेन्द्र प्रसाद वकील हाउस तक आनंद नगर, राहुल किराना स्टोर से उदयवीर सिंह परिहार हाउस तक मानसरोवर कॉलोनी, गंगा सिंह चक्की से गोपाल हाउस होते शत्रुघ्न हाउस तक, ओंडेला रोड महाराज सिंह हाउस से गिर्राज त्यागी हाउस तक स्ट्रीट्स पूरन विहार कॉलोनी वार्ड, हाईवे 11बी से सोहन सिंह हाउस तक राजेन्द्र नगर, नारायण सिंह फौजी हाउस से वनस्थली स्कूल तक महाराणा प्रताप नगर, हाईवे 44 विवेक होटल से ऋषि गालव स्कूल तक सड़कों पर कार्य होगा।

शहर की 27 जर्जर सड़कों के निर्माण को लेकर स्वीकृति मिल चुकी है। इसका वर्क ऑर्डर जल्द ही जारी किया जाएगा। सड़क निर्माण का कार्य एक संवेदक फर्म को दिया गया है।

  • गुमान सिंह सैनी, एक्सईएन नगर परिषद