बुरहानपुर. जिला कांग्रेस में नए अध्यक्ष की नई नियुक्ति के बाद शुरू हुई अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सामने आ रही है। अरुण यादव गुट के नेता शहर अध्यक्ष को लेकर नाखुश होने से धरना,आंदोलन सहित ज्ञापन से भी दूरी बना रहे है। इंदौर,खंडवा की तरह ही बुरहानपुर में भी अध्यक्ष पद की नियुक्ति को होड़ पर रखकर अल्पसंख्यक वर्ग से अध्यक्ष बनाए जाने की मांग उठ रही है।
बुधवार को अल्पसंख्यक कांग्रेस नेताओं ने शहर अध्यक्ष बदलने की मांग करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव जीतने के लिए अल्पसंख्यक वर्ग से ही अध्यक्ष नियुक्ति किए जाने की बात कही। अल्पसंख्यक विभाग के पूर्व अध्यक्ष शेख मुस्ताक ने कहा कि शहर अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्र होने से अल्पसंख्यक वर्ग से मुस्लिम समाज का अध्यक्ष होना चाहिए। आगामी चुनाव के लिए शहर सहित प्रदेशभर में कांग्रेस का अच्छा माहौल है। टिकट सहित अध्यक्ष पद नहीं मिलने से दूसरे पार्टी के लोग इस बात का फायदा उठाकर वोट लेेगी तो कांगे्रस को एक सीट का नुकसान होगा।प्रदेश आलाकमान को इस संबंध में अवगत कराया गया है।
खुलकर सामने आ रही गुटबाजी
दरअसल नेशनल कांग्रेस कमेटी की तरफ से एक माह पूर्व जारी नियुक्ति आदेश में बुरहानपुर शहर जिलाध्यक्ष रिंकू टांक को नियुक्ति किया गया। नियुक्ति के बाद से ही गुटबाजी देखने को मिल रही थी। अरूण यादव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष अजय रघुवंशी के समर्थित नेता नाखुश होने से कई कार्यक्रमों में इसका असर भी देखने को मिला था। जबकि अब अल्पसंख्यक विभाग के नेता खुलकर नए अध्यक्ष की मांग कर रहे है।