24 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भाजपा का बुरहानपुर का नाम ब्रह्मपुर करने की पहल, कांग्रेस ने दिया जवाब

- भाजपा ने ब्रह्मपुर नामकरण के लिए भाजपा प्रदेश महामंत्री को सौपा पत्र

2 min read
Google source verification
भाजपा का बुरहानपुर का नाम ब्रह्मपुर करने की पहल, कांग्रेस ने दिया जवाब

भाजपा का बुरहानपुर का नाम ब्रह्मपुर करने की पहल, कांग्रेस ने दिया जवाब

बुरहानपुर. भारतीय जनता पार्टी ने बुरहानपुर का नाम बदलकर प्राचीन ब्रह्मपुर किए जाने की मांग उठाई है। इसे लेकर बुरहानपुर आए भाजपा के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी को भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज लधवे ने एक पत्र सौंपा। साथ ही कहा मप्र सरकार को बुरहानपुर के इतिहास से अवगत कराकर शहर का नाम परिवर्तित कर ब्रह्मपुर कराया जाए। पौराणिक इतिहास में बुरहानपुर का नाम ब्रह्मपुर ही था जो बाद में बदल दिया गया था।
पत्र में भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज लधवे ने कहा आजादी के बाद तत्कालीन कांग्रेस सरकारों की तुष्टीकरण की नीति के चलते अनेक शहरों के नाम मुगल शासकों के नाम पर रखे गए, जबकि इन नगरों के प्राचीन नाम धार्मिक पुराणों में उल्लेखित है। कांग्रेस सरकारों का यह कृत्य भारत की सनातन संस्कृति व सभ्यता पर एक आघात है। 8 साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रवादी सरकार की स्थापना के बाद भारतीय संस्कृति के पुनरूत्थान व महापुरूषों के योगदान को दृष्टिगत रखते हुए अनेक शहरों के नाम परिवर्तित किए गए। जिससे की प्राचीन भारत के गौरवशाली इतिहास को पुर्नस्थापित किया जा सके। देश की नई पीढ़ी उन महापुरूषों के योगदान से परिचित हो सके। इसी संदर्भ में मां ताप्ती के किनार स्थित प्राचीन व ऐतिहासिक नगर बुरहानपुर के नाम परिवर्तन का प्रस्ताव दिया जा रहा है।

ब्रह्मपुर का धार्मिक इतिहास अत्यंत प्राचीन
भाजपा जिलाध्यक्ष लधवे ने कहा दक्षिण का द्वार कहे जाने वाले ब्रह्मपुर का धार्मिक इतिहास अत्यंत प्राचीन है। भगवान राम अपने वनवास गमन के दौरान यहां निवास कर चुके हैं। प्राचीन ग्रंथों व ताप्ती पुराण में भी इस नगर का नाम ब्रह्मपुर के रूप में उल्लेखित है। इस बात के पर्याप्त प्रमाण हैं कि पूर्व में इस नगर का नाम ब्रह्मपुर के रूप में ही प्रचलित था। उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी निलेश जूनागढ़े ने दी।

कांग्रेस बोलीं ध्यान भटकाने का काम
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अजय रघुवंशी ने कहा कि भाजपा विकास के काम नहीं कर रही है, ताप्ती मिल चालू हो नहीं रही। ताप्ती पर डेम की कोई योजना नहीं। ताप्ती मेगा रिचार्ज कांग्रेस के समय शुरू हुई थी, जो अब तक आगे नहीं बढ़ी। नाम बदलने की राजनीति कर जनता का ध्यान भटकाने का काम किया जा रहा है। महंगाई, बेरोजगारी, विकास पर ध्यान नहीं है।