बुरहानपुर. कोलकाता में आयोजित की गई नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बुरहानपुर में पदस्थ महिला सूबेदार राधा यादव ने दो सिल्वर, दो कांस्य पदक जीते। शहर वापस लौटने पर एसपी राहुल कुमार लोढा ने सूबेदार का सम्मान किया। दो माह पूर्व में सूबेदार ने राज्यस्तरीय मध्यप्रदेश मास्टर्स एथलेटिक गेम्स में तीन गोल्ड मेडल के साथ बेस्ट खिलाड़ी का खिताब जीता था।
मास्टर्स एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की तरफ से 14 से 18 फरवरी तक कोलकाता में चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था। सूबेदार राधा यादव ने भाग लेकर लॉन्ग जंप, ट्रिपल जंप एवं रिले रेस में 2 सिल्वर व 2 कांस्य पदक अपने नाम किए। उन्होंने 4.400 मीटर रिले रेस में सिल्वर मेडल (सामूहिक), 4.400 मीटर रिले रेस में सिल्वर मेडल(व्यष्ठिह्म्गत), लॉन्ग जंप में 3.96 मीटर की छलांग लगाते हुए कांस्य पदक, ट्रिपल जंप इवेंट में 8.25 मीटर की तीन छलांगे लगाते हुए कांस्य पदक इस तरह चार पदक अपने नाम किए। सूबेदार राधा ने इस जीत के साथ ही एशियाड चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है।