बुरहानपुर. सवा करोड की लागत से नवनिर्मित नए ट्रैफिक थाने का सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, खरगोन रेंज डीआइजी तिलक सिंह, एसपी राहुल कुमार लोढा द्वारा लोकार्पण किया गया। बहादरपुर रोड पर कलेक्ट्रेट कार्यालय के पास नया ट्रैफिक थाना संसाधनों से लैस होने के साथ ही यहां पर ट्रैफिक नियमों की सीख भी दी जाएगी। नवीन ट्रैफिक थाना निमाड़ का सबसे बेस्ट ट्रैफिक थाने होने के साथ आइएसओ प्रमाणित होगा।
लोकार्पण समारोह में पहुंचे डीआइजी तिलक सिंह ने कहा कि एसपी राहुल कुमार ने पुलिस थानों और चौकियों का नजारा ही बदल दिया। व्यक्तिगत रूचि लेकर शासन एवं जनता के सहयोग से बेहतर काम हुआ। ट्रैफिक पुलिस का उद्देश्य चालान बनाना नहीं बल्कि लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक कर पालन कराना है। हेलमेट लगाकर वाहन चलाए। इस दौरान कलेक्टर भव्या मित्तल, एसपी राहुल कुमार लोढ़ा, एडीएम शैलेंद्र सिंह सोलंकी यातायात सूबेदार हेमंत पाटीदार मौजूद थे।